जन्म मृत्यु पंजीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चार प्रचार वाहन रवाना, 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान..

हजारीबाग : जन्म एवं मृत्यु का पंजीकरण कराने के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय परिसर से चार प्रचार वाहनों को रवाना किया गया। उपायुक्त सह जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) हेमन्त सती ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। यह जागरूकता अभियान 22 से 31 अक्टूबर 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों तथा नगर निगम क्षेत्र के सभी 36 वार्डों में चलाया जाएगा।

अभियान के तहत प्रचार वाहन विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को जन्म-मृत्यु पंजीकरण के महत्व, इसकी प्रक्रिया तथा नागरिक निबंधन प्रणाली (सीआरएस) के बारे में जानकारी देंगे। इसके माध्यम से लोगों को पंजीकरण कराने की आवश्यकता, निर्धारित प्रक्रिया और इससे जुड़ी समस्याओं के समाधान के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस व्यवस्था का लाभ उठा सकें। जागरूकता अभियान के दौरान पोस्टर, पंपलेट और ऑडियो संदेशों के माध्यम से लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण के प्रति आम नागरिकों की जानकारी बढ़ाना और पंजीकरण की प्रक्रिया को लेकर होने वाली कठिनाइयों को दूर करने में मदद करना है। मौके पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी मुलीन मराण्डी सहित जिला सांख्यिकी कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.