बरही में शिक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई उड़ान, 3.20 करोड़ से अधिक की योजनाओं का विधायक मनोज यादव ने किया शिलान्यास व लोकार्पण
बरही : सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने महत्वपूर्ण पहल की है। विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से 3.20 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण बेहतर होने के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम की शुरुआत पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय, विजैया से हुई। यहां जिला परिषद मद से 90 लाख रुपये की लागत से विद्यालय के उन्नयन कार्य तथा 12.60 लाख रुपये की लागत से आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला के निर्माण का शिलान्यास किया गया। प्रयोगशाला के निर्माण से विद्यार्थियों को विज्ञान विषय की प्रायोगिक शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी और उनकी शैक्षणिक दक्षता को बढ़ावा मिलेगा।
इसके बाद विधायक मनोज कुमार यादव ने कोल्हुआकला स्थित उच्च विद्यालय में डीएमएफटी मद से 1 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित जीर्णोद्धार एवं उन्नयन कार्य की आधारशिला रखी। इसी पंचायत के उच्च विद्यालय में 46 लाख रुपये की लागत से होने वाले एक अन्य उन्नयन कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं के माध्यम से विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया।
वहीं, तिलैया बस्ती स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का विधायक ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इससे विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के उपयोग का मार्ग प्रशस्त हुआ।
शिक्षा के विकास से ही मजबूत होगा समाज : मनोज यादव
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की पहली सीढ़ी है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज भटकना न पड़े, इसी उद्देश्य से विजैया और कोल्हुआकला के विद्यालयों को प्लस टू स्तर तक क्रमोन्नत कराने की पहल की गई। विद्यालयों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्री वॉल का भी निर्माण कराया गया है।
उन्होंने कहा कि गांवों तक सड़क, बिजली, पानी और बेहतर विद्यालय जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब इसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। विद्यालयों में आधारभूत संरचना का विस्तार ग्रामीण बच्चों को बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में अहम कदम है।
जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों की रही भागीदारी
कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि मणिलाल यादव, मुखिया संघ अध्यक्ष विजय यादव, मुखिया मंगलदेव यादव, प्रतिनिधि मो. मंसूर, आकाश जायसवाल, टेकलाल यादव, डिलो पासवान, मुन्ना यादव, उपमुखिया सुखदेव यादव, कांति देवी, पंचायत समिति सदस्य रोहित यादव एवं सुजीता कुमारी, भाजपा नेता रघु मोदी और सुनील यादव उपस्थित रहे।
इसके अलावा प्रधानाध्यापक मो. फारुख आलम, निर्मला पंडित, सुरेश प्रसाद, विजय शंकर पाण्डेय सहित अन्य शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
रिपोर्टर : राहुल राणा
No Previous Comments found.