बरही अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने पर मंथन
बरही : अनुमंडलीय अस्पताल, बरही में मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर मंगलवार को एचएमएस की बैठक आयोजित की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी जयपाल महतो की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत बनाने, मरीजों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. ज्ञानी प्रकाश, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि भगवान केशरी, सुरेंद्र रजक समेत अस्पताल के कर्मी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सदस्यों ने कहा कि सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज, समय पर दवाइयां और जरूरी जांच की सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन और संबंधित प्रतिनिधियों के बीच समन्वय बनाकर ठोस पहल करने पर जोर दिया गया।
बैठक में रोस्टर के अनुसार 24 घंटे डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सुझाव प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही सप्ताह के अलग-अलग दिनों में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी की जानकारी सार्वजनिक करने की बात कही गई, ताकि मरीजों को इलाज के लिए अनावश्यक भटकना नहीं पड़े। अस्पताल में ऑपरेशन के लिए निर्धारित दिनों की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया गया।
आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से अस्पताल में विभिन्न प्रकार की चिकित्सकीय जांच कम शुल्क पर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। सदस्यों का मानना था कि जांच की सुविधा सुलभ होने से मरीजों को आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिलेगी और समय पर बीमारी की पहचान संभव हो सकेगी।
फार्मेसी में दवाओं और निर्माणाधीन कैंटीन का निरीक्षण
बैठक के बाद अस्पताल परिसर स्थित फार्मेसी में उपलब्ध दवाइयों की स्थिति का जायजा लिया गया। इसके अलावा निर्माणाधीन कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े पहलुओं पर ध्यान दिया गया। मौके पर एचएम सुधांशु शेखर, नारायण सोनी सहित अस्पताल के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.