रोमांचक फाइनल में बूढ़ीडीह का दबदबा, लखना दुलमाहा को हराकर बनी चैंपियन
बरही : लखना मैदान में आयोजित लीग क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के फाइनल मुकाबले में बूढ़ीडीह की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। युवा क्लब, लखना दुलमाहा के सौजन्य से आयोजित इस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में बूढ़ीडीह ने मेजबान टीम लखना दुलमाहा को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। आक्रामक बल्लेबाजी और बेहतरीन रणनीति के दम पर बूढ़ीडीह की टीम ने मुकाबले को एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में बूढ़ीडीह की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। अतिथियों ने बल्ले से गेंद को मारकर मुकाबले का विधिवत शुभारंभ किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखना दुलमाहा की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 117 रन बनाए और बूढ़ीडीह के सामने 118 रन का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बूढ़ीडीह की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। बल्लेबाजों ने शानदार तालमेल और तेज रन गति के साथ विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। टीम ने महज आठ ओवर में चार विकेट खोकर 118 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही बूढ़ीडीह की टीम ने टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
खिताबी मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों में दिखा उत्साह
फाइनल मैच देखने के लिए लखना मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी जुटे रहे। पूरे मुकाबले के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। टूर्नामेंट ने स्थानीय युवाओं की खेल प्रतिभा को सामने लाने के साथ ग्रामीण क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति बढ़ते आकर्षण को भी प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, मुखिया नारायण यादव, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि गणेश यादव, मुखिया प्रत्याशी कमलाशंकर प्रजापति, त्रिवेणी यादव, कृष्ण यादव और सुखदेव यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना रहा।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.