बरही अस्पताल बना उम्मीद की किरण,जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे 10 बच्चों के बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजे गए बच्चे
बरही : जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे मासूम बच्चों और उनके परिवारों के लिए बरही से राहत भरी खबर सामने आई है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में बरही अनुमंडलीय अस्पताल ने सराहनीय पहल की है। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को अस्पताल की ओर से 10 जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेजा गया।
यह पहल अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. प्रकाश ज्ञानी के प्रयास और अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के सहयोग से संचालित गिफ्ट ऑफ लाइफ (लिफ्ट ऑफ लाइफ) कार्यक्रम के तहत की गई है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के उन बच्चों तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है, जो जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित हैं और महंगे इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ हैं।
कार्यक्रम के तहत बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच कराई जाएगी। चिकित्सकीय परीक्षण में आवश्यकता पाए जाने पर उनके निःशुल्क हार्ट सर्जरी की व्यवस्था भी की जाएगी। रांची में बच्चों की जांच और उपचार प्रक्रिया में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम सहयोग करेगी।
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. प्रकाश ज्ञानी ने बताया कि जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। कई बार जानकारी और आर्थिक कठिनाइयों के अभाव में बच्चों का समुचित इलाज नहीं हो पाता। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी पांच बच्चों का सफल ऑपरेशन कराया जा चुका है, जबकि तीन अन्य बच्चों के ऑपरेशन की प्रक्रिया बाकी है। इस पहल से भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने का रास्ता खुलेगा।
इस अभियान में चिकित्सक डॉ. मेहराजुल इस्लाम, डॉ. एगाज और डॉ. अमन कुमार सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौके पर दीपक कुमार, अमित विश्वकर्मा, मोहम्मद शमशाद समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
मासूमों के दिल को मिलेगी नई जिंदगी की उम्मीद
बरही अनुमंडलीय अस्पताल की यह पहल केवल इलाज के लिए बच्चों को रांची भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जिनके सामने अपने बच्चों के इलाज की बड़ी चुनौती है। समय पर पहचान, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क सर्जरी की सुविधा निश्चित रूप से कई परिवारों के जीवन में खुशियां लौटाने का माध्यम बन सकती है।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.