दीपावली-छठ की खरीदारी के लिए सजेगा बरही प्रखंड मैदान, प्रशासन ने तय किया पूजा बाजार का स्थल

बरही : दीपावली और छठ महापर्व को लेकर बरही में खरीदारी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। त्योहारों के दौरान बाजार में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन ने इस बार पूजा सामग्री की खरीद-बिक्री के लिए अलग बाजार स्थल निर्धारित किया है। इसके तहत बरही प्रखंड मैदान को पूजा बाजार के रूप में चिह्नित किया गया है।

इस संबंध में बरही अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी जोहन टुडू की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर सहित अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी एवं प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दीपावली और छठ पूजा के दौरान पूजा सामग्री की दुकानों को व्यवस्थित स्थान पर लगाने तथा आम लोगों को खरीदारी में सहूलियत देने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि बरही प्रखंड मैदान में पूजा सामग्री की दुकानें लगाई जाएंगी। इससे दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर व्यवसाय करने का अवसर मिलेगा, वहीं खरीदारों को भी एक ही जगह पर त्योहार से जुड़ी आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। इसी तर्ज पर अनुमंडल के अन्य प्रखंडों में भी पूजा बाजार के लिए अलग-अलग स्थलों का चयन किया गया है।

माइकिंग कर लोगों को दी गई जानकारी

प्रशासनिक निर्णय को आम लोगों और दुकानदारों तक पहुंचाने के लिए बुधवार को बरही बीडीओ जयपाल महतो ने माइकिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों से निर्धारित प्रखंड मैदान में ही पूजा सामग्री की खरीद-बिक्री करने की अपील की।

प्रशासन की इस पहल को त्योहारों के दौरान बाजार में अनावश्यक भीड़, सड़क जाम और अव्यवस्था पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि निर्धारित स्थल पर बाजार की व्यवस्था कितनी प्रभावी रहती है और इससे आम लोगों को कितनी राहत मिलती है।

बैठक में बरही सीओ चंद्रशेखर कुणाल, चौपारण सीओ संजय यादव, सर्किल इंस्पेक्टर अनिल कुमार, पुनि सह थाना प्रभारी विनोद कुमार, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन, बरकट्ठा थाना प्रभारी आशीष भगत, पदमा थाना प्रभारी श्रवण कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : राहुल राणा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.