एनएच-19 पर खड़े कंटेनर से टकराया ट्रेलर, केबिन में फंसा चालक; पैर गंभीर रूप से जख्मी
बरही : के बिलोतिया मोड़ के पास हादसा, स्थानीय लोगों की मशक्कत से चालक को निकाला गया बाहर; सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर उठे सवाल बरही। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को बरही के बिलोतिया मोड़ के पास खड़े एक कंटेनर से ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया।
घायल चालक की पहचान बरकट्ठा प्रखंड के झुरझुरी निवासी बिनोद यादव, पिता प्रमोद यादव के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे खड़े कंटेनर में ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक के केबिन में फंस जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। मनोज राणा, सोनू कुमार, सूरज कुमार एवं परिजनों के भरपूर प्रयास से काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में चालक का एक पैर बुरी तरह जख्मी हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से घायल चालक को बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया गया।
सड़क किनारे खड़े भारी वाहन बन रहे दुर्घटना का कारण
एनएच-19 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच सड़क किनारे लंबे समय तक खड़े रहने वाले भारी वाहनों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि बरही टोल प्लाजा से लेकर बरसोत तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बड़ी संख्या में ट्रक, कंटेनर एवं अन्य भारी वाहन खड़े रहते हैं।
इन वाहनों के सड़क किनारे खड़े रहने से छोटे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। कई बार सड़क का बड़ा हिस्सा भारी वाहनों के कब्जे में रहने के कारण छोटे वाहनों को मुख्य सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। बिलोतिया मोड़ की घटना भी इसी समस्या को उजागर करती है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी दुर्घटनाएं, फिर भी नहीं थम रहा सिलसिला
स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से टकराने के कारण दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसी घटनाओं के बाद सरकार की ओर से भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया था कि बिना किसी उचित कारण के वाहनों को सड़क पर खड़ा नहीं रहने दिया जाए।
इसके बावजूद एनएच-19 पर भारी वाहनों का लंबे समय तक खड़ा रहना गंभीर समस्या बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई करने, नियमित निगरानी रखने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया, तो सड़क किनारे खड़े भारी वाहन किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.