बिलौतिया मोड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनोवा से 768 बोतल अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
बरही : बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी का सिलसिला जारी है। इसी बीच बरही पुलिस ने बिलौतिया मोड़ के पास वाहन जांच अभियान के दौरान अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद कर तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। पुलिस ने एक ग्रे रंग की एनोवा कार से 768 बोतल शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब को बोकारो से बिहार ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमशेदपुर के परसूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कीताडीह निवासी संतोष तिवारी (42), पिता स्व. सुदर्शन तिवारी तथा सुनील डे (56), पिता स्व. कामाख्या चरण डे के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एनोवा कार (जेएच05एटी-6444) को भी जब्त कर लिया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने बताया कि हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक एनोवा कार में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर बगोदर की ओर से बरही होते हुए बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार भोक्ता के नेतृत्व में बिलौतिया मोड़ के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
इसी दौरान शाम करीब 16:10 बजे बगोदर की ओर से आ रही संदिग्ध एनोवा कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही कार सवार दोनों व्यक्ति वाहन छोड़कर भागने लगे। हालांकि, सतर्क पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
कार की पिछली सीट और डिक्की से मिली शराब की खेप
पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट और डिक्की से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में शामिल हैं—
* ओल्ड हैबिट व्हिस्की: 375 एमएल की 20 पेटियों में कुल 480 बोतल।
* रॉयल दरबार गोल्ड व्हिस्की: 180 एमएल की छह पेटियों में कुल 288 बोतल।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 26 पेटियों में रखी 768 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
बिहार में शराब बेचकर कमाई करने की थी योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब बोकारो से लोड कर बिहार ले जाई जा रही थी। बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण अवैध रूप से शराब की आपूर्ति और बिक्री से अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से तस्करी की जा रही थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार भोक्ता, पुलिस अवर निरीक्षक मदन मुंडा सहित बरही थाना के सशस्त्र बल के जवान और चालक शामिल थे।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.