तीन साल के मासूम सावन ने दी माता-पिता को मुखाग्नि
तीन साल के मासूम सावन ने दी माता-पिता को मुखाग्नि, दनुआ घाटी के हादसे ने उजाड़ दिया पूरा बचपन...
जिस उम्र में मां की गोद और पिता की उंगली का सहारा चाहिए, उस उम्र में मासूम के नन्हे हाथों से पूरी कराई गई अंतिम संस्कार की रस्म; दृश्य देख हर आंख हुई नम...
चौपारण (हजारीबाग)- जिस उम्र में बच्चे मां की गोद में खिलखिलाते हैं, पिता की उंगली पकड़कर चलना सीखते हैं और छोटी-छोटी जरूरतों के लिए माता-पिता पर निर्भर रहते हैं, उस उम्र में तीन साल के मासूम सावन की जिंदगी से खुशियों का सबसे बड़ा सहारा छिन गया। दनुआ घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे ने सावन को अनाथ कर दिया। हादसे में उसके पिता राजू पंडित और मां सावित्री देवी की दर्दनाक मौत हो गई। जिस मां की ममता और पिता के स्नेह के साये में उसका बचपन संवरना था, आज उन्हीं माता-पिता को उसने हमेशा के लिए खो दिया।इस हादसे का सबसे हृदयविदारक पल तब सामने आया, जब महज तीन साल के मासूम सावन के नन्हे हाथों से उसके माता-पिता को मुखाग्नि दिलाई गई। यह दृश्य देखकर अंतिम संस्कार में मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। वहां मौजूद हर शख्स की जुबान खामोश थी और आंखों से आंसू छलक रहे थे। किसी के पास इस मासूम के दर्द को बयां करने के लिए शब्द नहीं थे।
सावन की उम्र इतनी छोटी है कि शायद उसे अभी इस बात का एहसास भी नहीं कि उसकी जिंदगी में कितना बड़ा खालीपन आ गया है। उसे शायद अभी भी मां की गोद और पिता के प्यार का इंतजार होगा। लेकिन अब न उसे मां की ममता मिलेगी और न पिता का सहारा। जिस उम्र में बच्चों को माता-पिता की उंगली पकड़कर दुनिया देखनी चाहिए, उस उम्र में सावन को जिंदगी की सबसे कठिन सच्चाई का सामना करना पड़ रहा है।दनुआ घाटी का यह हादसा महज दो लोगों की मौत की खबर नहीं है, बल्कि एक मासूम के उजड़ते बचपन की ऐसी दर्दनाक दास्तान है, जिसे देखकर पत्थर दिल इंसान की आंखें भी नम हो जाएं। सड़क हादसे में बुझी दो जिंदगियों के साथ एक तीन साल के बच्चे की पूरी दुनिया भी उजड़ गई। सवाल यही है कि अब इस मासूम के सिर पर ममता का आंचल और पिता का साया कौन बनेगा?
रिपोर्टर -मुकेश सिंह

No Previous Comments found.