शराब लदे ट्रक के चालक की नृशंस हत्या का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार.
हजारीबाग : चौपारण थाना क्षेत्र के दैहर गांव में पांच नवंबर को कुएं से बरामद अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाने में हजारीबाग पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। शराब लदे ट्रक के चालक की नृशंस हत्या कर शव को कुएं में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में न केवल हत्या की वारदात का खुलासा हुआ, बल्कि शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क के तार भी सामने आए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं, पुलिस ने अलग अलग ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 726 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है। हत्या में प्रयुक्त वैगनआर कार समेत शराब की ढुलाई में इस्तेमाल पिकअप और फार्च्यूनर वाहन को भी जब्त किया गया है।पुलिस के अनुसार, पांच नवंबर को दैहर गांव स्थित एक कुएं से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई गई थी। जांच में पता चला कि मृतक तुपुदाना से शराब लदे ट्रक के साथ निकला था, जिसके बाद ट्रक और चालक दोनों गायब हो गए थे। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की। इसी बीच 11 नवंबर को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली कि चालक की हत्या में शामिल अपराधी हथियारों के साथ चौपारण इटखोरी मुख्य सड़क पर घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसमें चौपारण और तुपुदाना थाना की पुलिस को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने महाराजगंज गांव के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार दो युवकों के पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के परसौनी गांव निवासी रणविजय सिंह (34 वर्ष), पिता सतराजीत सिंह तथा चौपारण थाना क्षेत्र के दैहर गांव निवासी विशाल कुमार सिंह (27 वर्ष), पिता स्वर्गीय गोपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ट्रक चालक की हत्या में संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, चालक की हत्या के बाद पहचान और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कंबल में लपेटा गया। इसके बाद तार और पत्थर से बांधकर दैहर गांव के एक कुएं में फेंक दिया गया था, ताकि शव पानी में डूबा रहे। पांच नवंबर को कुएं से शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। अब पुलिस की जांच में शराब लदे ट्रक के गायब होने और चालक की हत्या के बीच संबंध सामने आया है।हत्या के मामले की जांच के साथ पुलिस ने शराब तस्करी के नेटवर्क पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया। डीएसपी राधा प्रेम किशोर के अनुसार, पुलिस ने पंचायत दैहर, इटखोरी के सेवईया पुल के पास दादपुर पंचायत गांव नेवरीकरमा, तथा बरही के मुर्गी फार्म के समीप सुनसान स्थानों पर छापेमारी की। इन स्थानों पर बंद कमरों में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। तीनों ठिकानों से कुल 726 पेटी शराब जब्त की गई है। इसमें मैकडॉवेल्स की 180 एमएल और 375 एमएल तथा रॉयल चैलेंज की 180 एमएल, 375 एमएल और 750 एमएल की पेटियां शामिल हैं,पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वैगनआर कार संख्या JH15G-8202, पिकअप संख्या JH02BD-5662 और फार्च्यूनर वाहन संख्या JH05AF-3676 को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, वैगनआर का इस्तेमाल हत्या की वारदात में किया गया था, जबकि पिकअप और फार्च्यूनर शराब की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे थे। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। हथियार, कारतूस, शराब और वाहनों को जब्ती सूची में शामिल कर आगे की जांच की जा रही है।
प्रेस कांफ्रेंस में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। महाराजगंज के पास वाहन जांच के दौरान दो आरोपितों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। अलग अलग स्थानों से कुल 726 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि मामले का अनुसंधान अभी जारी है। इस पूरे प्रकरण में जिस किसी की भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा।
चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि दैहर गांव के कुएं से पांच नवंबर को शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया था। जांच के दौरान शराब लदे ट्रक के गायब होने और चालक की हत्या के बीच संबंध सामने आया। विशेष टीम की कार्रवाई में दो आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर अन्य सहयोगियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रणविजय सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धनबाद थाना में वर्ष 2015 में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज है। वहीं चौपारण थाना में वर्ष 2026 में उत्पाद एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज है। दूसरे आरोपित विशाल कुमार सिंह के खिलाफ चतरा सदर थाना में आर्म्स एक्ट तथा इटखोरी थाना में चोरी और चोरी का सामान रखने से संबंधित मामले पूर्व से दर्ज हैं।पुलिस अब इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय शराब तस्करी के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। ट्रक से शराब कहां उतारी गई, उसे किन-किन ठिकानों पर छिपाया गया और इसकी खरीद-बिक्री में कौन-कौन लोग शामिल थे, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। पुलिस अन्य सहयोगियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। चालक की हत्या की साजिश किसने रची और वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसका खुलासा भी आगे की जांच में होने की उम्मीद है।इस संबंध में चौपारण थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, बरही अंचल पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, तुपुदाना थाना प्रभारी सिद्धांत, तुपुदाना के एसआई शशिकांत, चौपारण के एसआई दिव्य प्रकाश, कृष्ण कुमार गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, संतोष कुमार, हेमराज कुमार, एएसआई बादल कुमार महतो सहित चौपारण और तुपुदाना थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.