24 घंटे के भीतर नवादा से बरामद हुआ लापता 16 वर्षीय किशोर...
हजारीबाग : कटकमदाग थाना क्षेत्र से लापता हुए 16 वर्षीय किशोर को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर बिहार के नवादा से सकुशल बरामद कर लिया। किशोर की बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे उसके परिजनों को सौंप दिया। मिली जानकारी के अनुसार, रेवाली गांव निवासी महेश साव का 16 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार 11 नवंबर 2026 को बिना किसी को बताए घर से कहीं चला गया था। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद 12 नवंबर को परिजनों ने कटकमदाग थाना में गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस ने सनहा दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू की। त्वरित छानबीन और पुलिस की सक्रियता से उसे 24 घंटे के भीतर नवादा में ट्रेस कर सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की। किशोर को नवादा से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। किशोर की सुरक्षित वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.