छठ मनाने ससुराल गया था परिवार, इधर बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना

बरही/हजारीबाग : बरही थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। छठ पर्व मनाने के लिए परिवार के साथ ससुराल गए एक व्यक्ति के बंद घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के कीमती आभूषण, नकदी और अन्य घरेलू सामान समेत करीब 18 लाख 85 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बरही के हरिनगर निवासी सुशील कुमार, पिता राजेंद्र साव, छठ पूजा मनाने के लिए अपने परिवार और बच्चों के साथ हजारीबाग स्थित ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान 16 नवंबर 2026 को पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का ताला तोड़ दिया गया है। सूचना मिलते ही सुशील कुमार आनन-फानन में अपने घर पहुंचे। वहां पहुंचने पर देखा कि घर के बाहर और अंदर के ताले टूटे हुए थे तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर कीमती सामान चोरी कर लिया है।

पीड़ित द्वारा बरही थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, चोरी गए सामान में 60 ग्राम सोने का कड़ा (अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपये), दो सोने की चेन (25 ग्राम, कीमत 2.75 लाख रुपये), दो सोने की अंगूठियां (20 ग्राम, कीमत 2.50 लाख रुपये), कान के सोने के टॉप्स (8 ग्राम, कीमत 90 हजार रुपये), सोने का मांग टीका (7 ग्राम, कीमत 80 हजार रुपये), चांदी की पायल के तीन सेट (कीमत 40 हजार रुपये) तथा नकदी एवं अन्य घरेलू सामान (अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये) शामिल हैं।

पीड़ित ने अपने आवेदन में चोरी की घटना की जांच कर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने तथा उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

छठ पर्व के दौरान बंद घरों की सुरक्षा पर उठे सवाल

त्योहार के अवसर पर परिवार के साथ बाहर जाना अब लोगों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। जिस समय लोग आस्था और उल्लास के साथ छठ महापर्व मनाने में जुटे थे, उसी दौरान बंद घर को निशाना बनाए जाने की इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस मामले की जांच कर चोरों तक कब पहुंचती है और चोरी गए सामान की बरामदगी कब तक हो पाती है।

रिपोर्टर : राहुल राणा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.