बरही अनुमंडल पुलिस कार्यालय का किया वार्षिक निरीक्षण

बरही : हजारीबाग रेंज के डीआईजी अंजनी कुमार मंगलवार को बरही पहुंचे, जहां उन्होंने बरही अनुमंडल पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, सूचना तंत्र को मजबूत बनाने और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों, लंबित मामलों, अपराध से संबंधित रिपोर्ट और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने एसडीपीओ को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा करने को कहा।

अपराधियों पर सख्ती और सूचना तंत्र मजबूत करने का निर्देश

डीआईजी अंजनी कुमार ने कहा कि अपराध से संबंधित किसी भी सूचना या शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने, नियमित गश्ती करने और सूचना तंत्र को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने आम लोगों के साथ बेहतर संवाद और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में लूट और डकैती जैसी घटनाओं में कमी आई है। अपराध पर और अधिक प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को लगातार सतर्क और सक्रिय रहने की जरूरत है।

हालिया आपराधिक घटनाओं की जांच पर विशेष नजर

बरही, चौपारण और बरकट्ठा थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं को लेकर भी डीआईजी ने जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का अनुसंधान निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बरही स्टेशन रोड स्थित होटल एके पैलेस में हुई फायरिंग और घटनास्थल पर राहुल दुबे गैंग के नाम से पर्चा छोड़े जाने के मामले को भी गंभीरता से लिया गया। डीआईजी ने बताया कि जिले के सीमावर्ती इलाकों में भी पूर्व में इस तरह की घटनाएं हुई हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इसके लिए एसआईटी गठित की गई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की दिशा में कार्रवाई जारी है।

कई पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर हजारीबाग एसपी अमन कुमार, एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर सहित बरही अनुमंडल के विभिन्न थानों के प्रभारी उपस्थित रहे। इनमें बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, बरकट्ठा थाना प्रभारी आशीष भगत, पदमा थाना प्रभारी श्रवण कुमार, चलकुशा थाना प्रभारी नागेंद्र पांडेय समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

रिपोर्टर : राहुल राणा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.