राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का शिकंजा कसने की तैयारी, अपराधियों की गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर

हजारीबाग : जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग की अध्यक्षता में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राहुल दुबे गैंग की ओर से हाल के दिनों में की जा रही फायरिंग की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया। संगठित अपराध से जुड़े वैसे अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है, जो हाल के दिनों में जेल से बाहर आए हैं। वहीं फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आए अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने को भी कहा गया।
बैठक में महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़, दुष्कर्म और पॉक्सो से संबंधित मामलों की विशेष समीक्षा की गई। एसपी ने इन मामलों में लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर अनुसंधान पूरा कर 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया। इसके अलावा वर्ष 2026 से पूर्व के लंबित सभी कांडों का भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द निष्पादन करने को कहा गया।

अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए संबंधित स्थानों को चिह्नित कर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं जिले में अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर के उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए अंचल अधिकारियों और जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने को कहा गया।

साइबर अपराध से संबंधित लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने और आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आम लोगों की शिकायतें गंभीरता से सुनने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करने की हिदायत दी।

अक्टूबर में 471 कांडों का निष्पादन

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर 2026 में जिले के विभिन्न थानों में कुल 309 कांड दर्ज किए गए, जबकि 471 कांडों का निष्पादन किया गया। इस दौरान 651 वारंट एवं कुर्की का निष्पादन हुआ। इसके अलावा 1086 पासपोर्ट सत्यापन तथा 172 चरित्र सत्यापन का कार्य भी पूरा किया गया। बैठक में एसपी ने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.