राहुल दुबे गैंग पर हजारीबाग पुलिस का बड़ा प्रहार, मुठभेड़ में दो अपराधी घायल

हजारीबाग : जिले में लगातार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गैंग के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द में पुलिस और गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें गैंग के दो अपराधी घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगने की सूचना है। इस कार्रवाई के बाद अपराधियों के बीच पुलिस का दबाव बढ़ गया है।

मुठभेड़ में घायल अपराधियों की पहचान पदमा निवासी दीप नारायण भगत, पिता बिल्टू साव तथा चतरा जिले के नगवां निवासी राहुल कुमार उर्फ रॉकी, पिता द्वारिका रविदास के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमन कुमार स्वयं पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस पूरी कार्रवाई में कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश की सक्रियता और कार्यशैली विशेष रूप से चर्चा में है। पिछले कुछ दिनों से जिले में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं के बीच पुलिस टीम अपराधियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। स्थानीय स्तर पर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अनुपम प्रकाश की सक्रिय भूमिका की सराहना की जा रही है। वहीं कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी की भी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है। दोनों थाना प्रभारियों की सक्रियता और पुलिस टीम के समन्वय को इस कार्रवाई का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

मौके पर कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से राहुल दुबे गैंग के नाम पर हजारीबाग जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं से व्यवसायियों और आम लोगों में भय का माहौल बन रहा था। अपराधियों की लगातार सक्रियता पुलिस के लिए भी चुनौती बनी हुई थी। ऐसे में डाटोखुर्द में हुई मुठभेड़ को गैंग के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

अब पुलिस की जांच का दायरा गैंग के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और जिले में हुई पूर्व की फायरिंग घटनाओं तक पहुंचने की संभावना है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों को स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.