बदहाली का शिकार अग्रवाल गली, नालियों से उठती दुर्गंध ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

हल्की बारिश में सड़क पर बहता है नाली का गंदा पानी, हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग बना नारकीय

बरही- बरही चौक के समीप स्थित अग्रवाल गली इन दिनों गंदगी, जलजमाव और दुर्गंध की गंभीर समस्या से जूझ रही है। धनबाद रोड और हजारीबाग रोड को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण संपर्क सड़क की बदहाल स्थिति ने स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। गली की नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं। जगह-जगह जमा दूषित पानी और उससे उठती तेज दुर्गंध के कारण लोगों का इस रास्ते से गुजरना तक मुश्किल हो गया है। स्थिति ऐसी है कि राहगीरों को नाक बंद कर आवागमन करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हल्की बारिश होते ही नालियों का दूषित पानी उफनकर पीसीसी सड़क पर बहने लगता है। इससे सड़क पर गंदा पानी फैल जाता है और पैदल चलने वालों सहित दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण आसपास के लोगों को स्वच्छ वातावरण में रहना भी मुश्किल हो रहा है। कभी डॉक्टर अग्रवाल गली के नाम से पहचानी जाने वाली यह गली आज अपनी बदहाली और गंदगी के कारण चर्चा में है।

गौरतलब है कि अग्रवाल गली केवल एक मोहल्ले का रास्ता नहीं, बल्कि बरही के दो प्रमुख मार्गों धनबाद रोड और हजारीबाग रोड को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। बरही चौक के नजदीक होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। रईस कॉलोनी और बाराटांड़ होते हुए यह मार्ग सूर्य मंदिर तक पहुंचता है। हजारों घरों के बीच से गुजरने वाली इस गली से स्थानीय लोग बाजार सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। विशेषकर बरही चौक पर जाम या अत्यधिक भीड़ की स्थिति में यही रास्ता लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग साबित होता है।

विडंबना यह है कि इतनी महत्वपूर्ण सड़क होने के बावजूद इसकी नालियों की साफ-सफाई और जलनिकासी व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। गली पश्चिमी पंचायत के अंतर्गत आती है। सफाई और नाली की स्थिति को लेकर पंचायत की मुखिया से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि हाल ही में इस गली में सड़क निर्माण कराया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सड़क निर्माण पर ध्यान दिया गया तो नालियों की सफाई, मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई?

अब स्थानीय लोगों को पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से उम्मीद है कि इस समस्या को केवल अस्थायी सफाई तक सीमित न रखकर स्थायी समाधान की दिशा में पहल की जाएगी। नालियों की नियमित सफाई, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और बेहतर जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। अन्यथा बरही चौक के इतने महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पर गंदगी और दुर्गंध की समस्या लोगों के लिए लगातार मुसीबत बनी रहेगी।

रिपोर्टर : राहुल राणा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.