आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट कर्मियों, विद्यार्थियों एवं लाभुकों को किया गया सम्मानित, परिसंपत्तियों का वितरण
हजारीबाग : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा (15 से 28 नवंबर 2026) के समापन-सह-सम्मान समारोह एवं परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन आज 28 नवंबर को विनोबा भावे विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में किया गया। जिला स्तरीय समारोह में झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित करने, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, नव नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं सहायता राशि का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में माननीय बरकट्ठा विधायक श्री अमित कुमार यादव, हजारीबाग सदर विधायक श्री प्रदीप प्रसाद, मांडू विधायक श्री निर्मल महतो, बरही विधायक श्री मनोज कुमार यादव, महापौर श्री अरविंद राणा, जिला परिषद अध्यक्ष श्री उमेश प्रसाद मेहता, उप महापौर श्री अविनाश कुमार, उपाध्यक्ष श्री किशुन प्रसाद, उपायुक्त श्री हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार, उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडे, सहायक समाहर्ता परीक्ष्यमान श्रीमती पूर्वा अग्रवाल, अपर समाहर्ता श्री महेंद्र छोटन उरांव, जिला योजना पदाधिकारी श्री पंकज कुमार तिवारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा सिन्हा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती वेदवंती कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रोहित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती नीलम कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री आकाश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह ने स्वागत संबोधन देते हुए राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं गतिविधियों की जानकारी साझा की तथा सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन में आंदोलनकारियों के योगदान को स्मरण करते हुए सम्मानित होने वाले कर्मियों एवं व्यक्तियों को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी से करने का संदेश दिया।
जनप्रतिनिधियों ने झारखंड की संस्कृति, सामूहिक जिम्मेदारी एवं विकास पर दिया जोर
समापन समारोह में महापौर श्री अरविंद राणा ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड आज 27 वर्ष का युवा राज्य है, जिसे हम सभी सलाम करते हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वयं में अनुशासन विकसित करने, अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा शहर की सकारात्मक पहचान स्थापित करने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य एवं शहर के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवा नेतृत्व, युवा अधिकारी एवं युवा ऊर्जा के समन्वय से झारखंड को विकास एवं शहरी उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
जिला परिषद अध्यक्ष श्री उमेश प्रसाद मेहता ने अपने संबोधन में कहा के झारखंड राज्य कई बलिदानों एवं संघर्षों बाद बना है। जल,जंगल जमीन झारखंड राज्य की पहचान है।
झारखंड राज्य खनिज संपदाओं से परिपूर्ण है।
बरकट्ठा विधायक श्री अमित कुमार यादव ने कहा कि झारखंड संभावनाओं से भरा राज्य है, लेकिन राज्य की प्रगति केवल नेताओं एवं अधिकारियों के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए आम जनता को भी जागरूक होकर अपने कार्यों एवं दायित्वों को समझना होगा तथा विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।
हजारीबाग सदर विधायक श्री प्रदीप प्रसाद ने कहा कि झारखंड राज्य संघर्ष एवं बलिदान का परिणाम है। राज्य की विशिष्ट संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपार संभावनाएं हैं और सामूहिक प्रयासों से सपनों के झारखंड को वास्तविकता में बदला जा सकता है।
मांडू विधायक श्री निर्मल महतो ने झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन के संघर्षों एवं बलिदानों को स्मरण करते हुए कहा कि राज्य की विशिष्ट संस्कृति एवं जीवनशैली इसकी पहचान है। कई संघर्षों एवं कुर्बानियों के बाद झारखंड राज्य का निर्माण हुआ है, इसलिए राज्य की विरासत एवं गौरव को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।
बरही विधायक श्री मनोज कुमार यादव ने अपने संबोधन में झारखंड राज्य निर्माण के संघर्षों एवं बलिदानों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में उपलब्धियां भी हैं और चुनौतियां भी। इन चुनौतियों का सामूहिक रूप से सामना करते हुए हमें निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ना है। उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले सभी आंदोलनकारियों को नमन किया तथा सपनों के झारखंड के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया।
उपायुक्त ने झारखंड की संघर्ष, सृजन एवं विकास यात्रा को किया रेखांकित।
उपायुक्त श्री हेमंत सती ने अपने संबोधन में सर्वप्रथम सभी को झारखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में अनेक लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। आज राज्य के सभी जिलों में हर्ष एवं उल्लास के साथ स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों एवं भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड का इतिहास संघर्ष, साहस एवं जनआंदोलनों का इतिहास रहा है। स्वतंत्रता संग्राम एवं औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध आंदोलनों में इस क्षेत्र के जननायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सिदो कानू, फूलो-झानो, चांद-भैरव जैसे जननायकों एवं ऐतिहासिक संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती ने स्वतंत्रता संग्राम एवं जनजागरण को महत्वपूर्ण प्रेरणा दी है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान जननायक ने जनजातीय आकांक्षाओं एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए ब्रिटिश शासन को चुनौती दी। राज्य निर्माण आंदोलन के संघर्ष एवं बलिदान इस बात के साक्षी हैं कि झारखंड की यात्रा संघर्ष से सृजन तक की रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में राज्य ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। नक्सलवाद की चुनौती पर प्रभावी नियंत्रण, आर्थिक विकास, प्रति व्यक्ति आय एवं सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि सहित कई क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। सर्वजन पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजनाएं ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उपायुक्त ने कहा कि विकास की यात्रा अभी जारी है और हमें आगे भी अनेक कार्य करने हैं। वर्ष 2050 में झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में देखना है तो प्रत्येक नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। सामूहिक प्रयास, जनभागीदारी, अनुशासन एवं समर्पण से ही विकसित एवं समृद्ध झारखंड का सपना साकार होगा।
पुलिस अधीक्षक ने बेहतर एवं सुरक्षित समाज निर्माण का संकल्प दोहराया।
पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य स्थापना दिवस का यह अवसर हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। झारखंड समृद्ध आदिवासी संस्कृति एवं विविध परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। वर्तमान समय में नशा, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य नक्सलवाद की चुनौती से मुक्त हुआ है और आगे भी सामाजिक कुरीतियों एवं अपराध की चुनौतियों का प्रभावी निराकरण करते हुए सुरक्षित, समृद्ध एवं बेहतर समाज के निर्माण के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
47 झारखंड आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
झारखंड सरकार द्वारा चिन्हित 47 झारखंड आंदोलनकारियों को जिला स्तरीय समारोह में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्य निर्माण आंदोलन में उनके योगदान, संघर्ष एवं समर्पण को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
नवनियुक्त कर्मियों को प्रदान किया गया नियुक्ति पत्र।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर शिक्षा विभाग के 14 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं, पौधा संरक्षण विभाग के 04 फसल रक्षकों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके नए कार्यदायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों एवं व्यक्तियों को किया गया सम्मानित
जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों एवं व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग: समरेश कुमार सिंह एवं एकता चौधरी।
नगर निगम: श्री आत्रय कर्महे एवं श्री अब्दुल रशीद।
जिला समाज कल्याण विभाग: श्री अभिषेक कुमार एवं श्री ज्योति कुमारी।
जिला ग्रामीण विकास शाखा: श्रीमती स्वाति वर्मा, श्रीमती ममता सिंह, श्री राजमोहन वर्मा, श्री राजीव आनंद, श्री दीपक कुमार, श्री संदीप कुमार भोंसले, श्री अमर कुमार प्रजापति एवं श्री नयन किशोर।
डीएमएफटी: मोहम्मद सज्जाद अंसारी एवं श्री टीपू सुल्तान।
जिला योजना कार्यालय: श्री अबु तुराब।
कला एवं संस्कृति विभाग: निधि कुमारी एवं श्वेता कुमारी।
कृषि विभाग: श्री किशोर एवं कुमार पुष्पा कुमारी।
आपूर्ति विभाग: श्री चंदन कुमार, श्री अभिषेक कुमार, श्री राहुल कुमार, श्री महावीर राम, मुस्कान महिला मंडल, श्री बिरजू प्रसाद मेहता, अर्चना जन वितरण प्रणाली, श्री संजय कुमार साहू, श्री विक्रम निशांत, श्री राम विलास गोप एवं श्री खेमलाल महतो।
उप निर्वाचन कार्यालय: श्री प्रेम कुमार, श्री वीरेंद्र कुमार सिंह, मनीष गुप्ता, राम प्रसाद महतो, श्रीमती उर्मिला देवी, श्री संजय यादव, उगनी देवी एवं ललिता देवी।
जेएसएलपीएस: श्री नीरज कुमार सिंह।
सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संस्थानों एवं सामाजिक कार्यकर्ता सम्मानित
सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों जिसमें हजारीबाग, यूथ विंग एवं हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट को सम्मानित किया गया। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता श्री नीरज कुमार को भी उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं मोबाइल देकर किया गया सम्मानित
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित छात्र-छात्राओं को लैपटॉप, मोबाइल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इंदिरा गांधी बालिका उच्च विद्यालय की वैष्णवी श्री, जुलिता मिंज, अमीषा कुमारी एवं दीप्ति रानी तथा डीएवी पब्लिक स्कूल के अमन कुमार को जैक एवं सीबीएसई परीक्षाओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया।
झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 की आईसीटी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले सरस्वती उत्क्रमित उच्च विद्यालय, दारू के दीपक कुमार एवं प्लस टू हाई स्कूल, बरही के अक्षय कुमार सिंह को भी सम्मानित किया गया।
वहीं, ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संत रॉबर्ट प्लस टू उच्च विद्यालय, हजारीबाग के प्रियांशु कुमार एवं यूपीजी हाई स्कूल, देवकुली, इचाक के आर्यन कुमार यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं सहायता राशि का वितरण
झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं सहायता राशि का वितरण किया गया।
* सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना: मीणा सोरेन एवं अंजू कुमारी को ₹2,500, जैस्मिन हेंब्रम एवं तारा रुंडा को ₹5,000 तथा रोज मेरी मरांडी को ₹2,500 का चेक प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना: कुंती कुमारी, चांदनी कुमारी एवं रूपा कुमारी को ₹30,000 का चेक प्रदान किया गया।
दिव्यांगजन उपकरण वितरण: रोशन कुमार, पूनम कुमारी एवं सबीला खातून को व्हीलचेयर प्रदान की गई। वहीं, खिरोधर प्रसाद, विवेक कुमार एवं दिव्यांशी प्रिया को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।
झारखंड राज्य विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना: अनामिका सिंह एवं रुखसार प्रवीण को ₹2,00,000 का चेक प्रदान किया गया।
अबुआ आवास योजना: जिला ग्रामीण विकास शाखा के माध्यम से तेरेसा नाग एवं ईलेसवा नाग को आवास गृह प्रवेश की कुंजी प्रदान की गई।
मत्स्य विपणन योजना: मत्स्य विभाग द्वारा खेलो चंद महतो को चार पहिया वाहन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से राज्य निर्माण आंदोलन के योगदानकर्ताओं के सम्मान, सरकारी सेवाओं में उत्कृष्टता, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में प्रतिभाओं के प्रोत्साहन तथा कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य को साकार करने का प्रयास किया गया। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने समृद्ध, विकसित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण के संकल्प को दोहराया।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.