आईसेक्ट विश्वविद्यालय में नाबार्ड के ग्राम युवा शक्ति अभियान का आयोजन
हजारीबाग : ग्रामीण युवाओं को उद्यमिता, स्वरोजगार और वित्तीय सहायता के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से नाबार्ड की राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान 2026 के तहत शनिवार को आईसेक्ट विश्वविद्यालय, हजारीबाग में जागरूकता एवं मोबिलाइजेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। नाबार्ड और मेरा युवा भारत के सहयोगात्मक प्रयासों से ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भरता, उद्यमिता और रोजगार सृजन के अवसरों से जोड़ने पर केंद्रित इस कार्यक्रम में युवाओं को ग्रामीण उद्यम स्थापित करने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा बैंकिंग सहायता के माध्यम से अपने व्यवसायिक विचारों को आगे बढ़ाने की जानकारी दी गई। नाबार्ड, हजारीबाग की जिला विकास प्रबंधक (डीडीएम) ऋचा भारती के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत में नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक ऋचा भारती, जिला उद्योग केंद्र, हजारीबाग के जिला उद्यम समन्वयक श्रीश पति त्रिपाठी, अग्रणी जिला प्रबंधक किशोर कुमार, जन जागरण केंद्र, हजारीबाग के सचिव संजय कुमार सिंह, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ गौरव शुक्ला, कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद, समकुलपति डॉ एस आर रथ सहित अन्य अतिथियों को विश्वविद्यालय के कृषि संकाय डीन डॉ अरविंद कुमार, सहायक प्राध्यापिका रुचि कुजूर, ज़हबी सदका, इंजीनियरिंग विभाग एचओडी हिमांशु चौधरी, टीपीओ मनोज कुमार, सहायक टीपीओ रमेश अभिषेक सहित अन्य के हाथों पौधा भेंटकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में डीडीएम ऋचा भारती ने ग्राम युवा शक्ति अभियान के उद्देश्यों और ग्रामीण युवाओं के आर्थिक सशक्तीकरण में उद्यमिता की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं में उद्यम स्थापित करने और आत्मनिर्भर बनने की अपार क्षमता है। जरूरत है उन्हें सही जानकारी, मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने की। इसलिए नाबार्ड विभिन्न संस्थाओं, बैंकों और सरकारी योजनाओं के समन्वय से ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में प्रयासरत है।
आईसेक्ट विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ गौरव शुक्ला ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद ने युवाओं को वित्तीय संसाधनों और व्यावहारिक मार्गदर्शन से जोड़ने को रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। समकुलपति डॉ एसआर रथ ने युवाओं से कौशल और आत्मविश्वास के बल पर उद्यमी बनने का आह्वान किया। वहीं जिला उद्योग केंद्र, हजारीबाग के जिला उद्यम समन्वयक श्रीश पति त्रिपाठी ने ग्रामीण उद्यमों के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) की जानकारी दी। जबकि अग्रणी जिला प्रबंधक किशोर कुमार ने संस्थागत ऋण, वित्तीय समावेशन और बैंकिंग सहायता से जुड़े पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। जन जागरण केंद्र, हजारीबाग के सचिव संजय कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा और उद्यमशीलता की क्षमता है। उन्हें सही मार्गदर्शन, संसाधन और योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। विश्वविद्यालय के कृषि संकाय के डीन डॉ अरविंद कुमार ने युवाओं को कृषि क्षेत्र में नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान कृषि तकनीक एवं स्मार्ट फार्मिंग से जुड़े उद्यमी बिनोद कुमार ने भी अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में युवाओं के उद्यम संबंधी विचारों का आकलन, व्यवसायिक संभावनाओं की पहचान और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डीडीएम ऋचा भारती ने किया।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.