बराकर पुल के समीप सड़क हादसा, अनियंत्रित बाइक से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल

बरही :  नेशनल हाईवे-19 पर बरही थाना क्षेत्र के बराकर पुल के समीप एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टोल प्लाजा से आगे हुई इस दुर्घटना में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बरही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। टोल प्लाजा की एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल की पहचान बरही के कोनरा निवासी मोहम्मद इदरीश के 30 वर्षीय पुत्र मो. मोइन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मोइन दवा लेने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान बराकर पुल के समीप उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और वह दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर गिर पड़ा।

इस घटना ने एक बार फिर एनएच-19 पर वाहन चालकों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल घायल युवक का उपचार जारी है।

रिपोर्टर : राहुल राणा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.