बरही तिलैया रोड पर पत्थर से कुचलकर विक्षिप्त व्यक्ति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
हजारीबाग : जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलैया रोड में एक विक्षिप्त व्यक्ति की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 29 नवंबर 2026 की अहले सुबह करीब एक बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा पत्थर भी बरामद किया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 29 नवंबर की सुबह बरही थाना पुलिस को सूचना मिली कि तिलैया रोड स्थित बजाज शोरूम के समीप एक व्यक्ति की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो एक व्यक्ति जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। वहीं, पास में ही एक अन्य व्यक्ति पत्थर लेकर बैठा हुआ था। पत्थर पर खून के निशान भी मौजूद थे।
पुलिस ने जब उक्त व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम गौतम कुमार बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक विक्षिप्त व्यक्ति था। वह उससे खाने के लिए 20 रुपये मांग रहा था। रुपये देने के बाद वह और पैसे मांगने लगा तथा विवाद करने लगा। इसी बात पर गुस्से में आकर उसने पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
घटना की पुष्टि आसपास के लोगों ने भी की। हालांकि, मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आरोपी गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया तथा हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर जब्त कर लिया।
बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम कुमार (करीब 35 वर्ष), पिता महेंद्र प्रसाद, निवासी ओंदा थाना, जिला नालंदा, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में ये अधिकारी थे शामिल इस कार्रवाई में बरही थाना प्रभारी सह पु०नि० विनोद कुमार, पु०अ०नि० सुनील कुमार मेहता, स०अ०नि० बसंत भगत, आरक्षी 323 विजय कुमार तथा आरक्षी 1545 संजीत कुमार यादव शामिल थे। बरही पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है। वहीं, मृतक की पहचान कराने और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.