अंतरराज्यीय गिरोह के चार अपराधी चौपारण में गिरफ्तार

बरही :  झारखंड के गिरिडीह एवं बोकारो जिले में प्रतिष्ठित ज्वेलरी दुकानों में लूट एवं डकैती की वारदात को अंजाम देने के बाद बिहार भाग रहे अंतरराज्यीय अपराध गिरोह के चार सदस्यों को हजारीबाग पुलिस ने चौपारण थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपराधियों के पास से दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस, दो चाकू एवं पेचकस, तीन मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद अर्टिगा कार बरामद की है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग कार्यालय की ओर से 29 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 28 नवंबर को गिरिडीह पुलिस से सूचना मिली थी कि गिरिडीह एवं बोकारो की प्रतिष्ठित ज्वेलरी दुकानों में लूट एवं डकैती की घटना को अंजाम देने के बाद हथियारबंद अपराधी सफेद कार से चौपारण होते हुए बिहार की ओर भाग रहे हैं।

सूचना मिलते ही बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में चौपारण थाना प्रभारी एवं थाना में उपलब्ध पुलिस पदाधिकारियों तथा सशस्त्र बल के सहयोग से छापेमारी टीम और एंटी क्राइम चेकिंग टीम का गठन किया गया। टीम ने संभावित ठिकानों पर सघन वाहन जांच शुरू की।

इसी दौरान सिंधुवार ओवरब्रिज के पास एक सफेद अर्टिगा कार संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की गति तेज कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की और अंततः कार को रोककर उसमें सवार चारों व्यक्तियों को पकड़ लिया।

वैशाली के तीन और सुल्तानपुर का एक अपराधी गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक राज (21 वर्ष), पिता मंटू कुमार सिंह, ग्राम गोड़िया चमन, थाना भगवानपुर, जिला वैशाली (बिहार), मनीष कुमार (19 वर्ष), पिता हरिश्चंद्र राय, थाना भगवानपुर, जिला वैशाली (बिहार), राहुल कुमार (26 वर्ष), पिता शुभनाथ राम, ग्राम मुनाफपुर, मलाही, पोस्ट भगवानपुर, जिला वैशाली (बिहार) तथा महफूज (लगभग 28 वर्ष), पिता रिजवान अहमद, महाराजगंज, थाना कंधवार, जिला सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

हथियारों का जखीरा बरामद

पुलिस द्वारा तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस, दो चाकू एवं पेचकस, तीन मोबाइल फोन तथा एक सफेद अर्टिगा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01HA-8101) बरामद की गई।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य सहयोगियों के साथ गिरिडीह एवं बोकारो में ज्वेलरी दुकानों में वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से गए थे। घटना के बाद पकड़े जाने के डर से अपने घर की ओर लौट रहे थे।

बरही एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

इस सफल पुलिस कार्रवाई में बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार गुप्ता, हेमराज कुमार, सुरेंद्र कुमार तथा चौपारण थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय अपराध गिरोह के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। झारखंड में आपराधिक वारदात को अंजाम देकर दूसरे राज्य में भागने की कोशिश कर रहे अपराधियों की गिरफ्तारी से पुलिस की सक्रियता भी सामने आई है।

रिपोर्टर : राहुल कुमार राना 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.