Health Checkup Routine: कितनी बार कराना चाहिए हेल्थ चेक-अप? जानिए उम्र के हिसाब से पूरा प्लान

 

आज के समय में लोग अपनी सेहत को लेकर पहले से कहीं ज्यादा जागरूक हो गए हैं. जिम, योग और हेल्दी डाइट अब लाइफस्टाइल का हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन एक जरूरी सवाल अभी भी बना रहता है हेल्थ चेक-अप कितनी बार कराना चाहिए? कई लोग मानते हैं कि साल में एक बार ब्लड टेस्ट काफी है, जबकि डॉक्टरों के अनुसार यह पूरी सच्चाई नहीं है. सही हेल्थ चेक-अप आपकी उम्र, लाइफस्टाइल और मेडिकल हिस्ट्री पर निर्भर करता है.

हेल्थ चेक-अप क्यों है जरूरी?

अक्सर लोग तभी डॉक्टर के पास जाते हैं जब कोई समस्या सामने आती है, लेकिन कई बीमारियां शुरुआत में बिना लक्षण के होती हैं. रेगुलर हेल्थ चेक-अप से बीमारी का समय रहते पता लगाया जा सकता है. इससे गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है और शरीर की सही स्थिति का पता चलता है। यह भविष्य के स्वास्थ्य जोखिमों को भी कम करने में मदद करता है.

क्या सिर्फ ब्लड टेस्ट काफी है?

सिर्फ ब्लड टेस्ट को पूरा हेल्थ चेक-अप मानना गलत है. एक कंप्लीट हेल्थ चेक-अप में कई तरह की जांच शामिल होती हैं जैसे ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ECG, इको, कैंसर स्क्रीनिंग, महिलाओं के लिए मैमोग्राम और हड्डियों की जांच। ये सभी टेस्ट शरीर के अंदर छिपी समस्याओं को समय पर पकड़ने में मदद करते हैं.

उम्र और स्थिति के हिसाब से चेक-अप प्लान

1. स्वस्थ वयस्क (Healthy Adults):

अगर आप पूरी तरह स्वस्थ हैं और अच्छी लाइफस्टाइल फॉलो करते हैं, तो साल में एक बार फुल बॉडी चेक-अप पर्याप्त है.

2. फैमिली हिस्ट्री वाले लोग:

यदि परिवार में दिल की बीमारी, डायबिटीज या अन्य गंभीर रोग हैं, तो साल में दो बार चेक-अप कराना चाहिए और जरूरी विशेष जांच भी करानी चाहिए.

3. पहले से बीमार लोग:

अगर आपको पहले से डायबिटीज या कोई पुरानी बीमारी है, तो साल में कम से कम दो बार फुल चेक-अप और हर 3 महीने में HbA1c टेस्ट जरूरी है.

4. अनहेल्दी लाइफस्टाइल या ज्यादा वजन:

ऐसे लोगों को अतिरिक्त जांच जैसे लिवर फंक्शन या फैटी लिवर टेस्ट की जरूरत पड़ सकती है.

5. बुजुर्ग (Senior Citizens):

बुजुर्गों को साल में कम से कम दो बार हेल्थ चेक-अप कराना चाहिए ताकि उम्र से जुड़ी समस्याओं को समय पर पहचाना जा सके.

बच्चों के लिए हेल्थ चेक-अप प्लान

  • शिशु (0–1 वर्ष): हर 1–3 महीने में डॉक्टर विजिट जरूरी
  • टॉडलर्स (1–5 वर्ष): हर 3–6 महीने में चेक-अप
  • स्कूल जाने वाले बच्चे (6–12 वर्ष): साल में एक बार
  • किशोर (Teenagers): साल में एक बार, जिसमें मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाए.

हेल्थ चेक-अप कोई एक जैसा नियम नहीं है, बल्कि यह हर व्यक्ति के लिए अलग होता है. सही समय पर जांच कराने से न सिर्फ बीमारियों का जल्दी पता चलता है, बल्कि एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन भी सुनिश्चित होता है. इसलिए अपनी उम्र और जरूरत के हिसाब से नियमित हेल्थ चेक-अप जरूर कराएं.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.