33 लाख रुपये में ब्रेन ट्रेनिंग! अमीरों में बढ़ा लग्जरी ब्रेन वेलनेस का क्रेज, जानिए क्या सच में तेज होता है दिमाग?

अब एंटी-एजिंग का मतलब सिर्फ चेहरे की झुर्रियां छिपाना नहीं रह गया है। दुनिया के अमीर लोग अब अपने दिमाग को भी लंबे समय तक जवान और एक्टिव रखने के लिए लाखों रुपये खर्च कर रहे हैं। इसी सोच से लग्जरी ब्रेन ट्रेनिंग का नया ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। स्विट्जरलैंड से लेकर लंदन तक कई लग्जरी क्लिनिक और फाइव स्टार होटल खास ब्रेन वेलनेस प्रोग्राम पेश कर रहे हैं। इनमें एक सप्ताह के प्रोग्राम की कीमत करीब 33 लाख रुपये तक बताई जा रही है।

क्या है 33 लाख रुपये का ब्रेन ट्रेनिंग प्रोग्राम?

इस महंगे प्रोग्राम में लोगों के दिमाग और शरीर की सेहत का गहराई से विश्लेषण किया जाता है। इसके लिए एमआरआई स्कैन के जरिए ब्रेन की संरचना की जांच होती है। साथ ही याददाश्त, एकाग्रता और सोचने-समझने की क्षमता परखने के लिए कई तरह के टेस्ट किए जाते हैं।इतना ही नहीं, जेनेटिक टेस्टिंग और गट माइक्रोबायोम का विश्लेषण भी किया जाता है। इन सभी रिपोर्ट्स के आधार पर विशेषज्ञ व्यक्ति की ब्रेन हेल्थ का आकलन करते हैं और अगले तीन महीने के लिए पर्सनलाइज्ड ट्रेनिंग प्लान तैयार करते हैं।

क्या सच में बढ़ती है दिमाग की ताकत?

इस लग्जरी पैकेज की चमक-दमक के बावजूद इसकी वैज्ञानिक उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, अभी तक ऐसे महंगे प्रोग्राम से स्वस्थ व्यक्ति की याददाश्त या दिमागी क्षमता में असाधारण सुधार होने के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं।यानी लाखों रुपये खर्च करने का मतलब यह नहीं कि आपका दिमाग सुपर ब्रेन बन जाएगा।

बिना पैसे खर्च किए ऐसे रखें दिमाग जवान

दिमाग को स्वस्थ रखने के लिए कुछ सामान्य आदतें ज्यादा मददगार साबित हो सकती हैं। रोजाना 7-9 घंटे की अच्छी नींद लें, नियमित व्यायाम करें, संतुलित भोजन खाएं और सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लें। नई चीजें सीखना, किताबें पढ़ना और लोगों से बातचीत करना भी मानसिक सक्रियता बनाए रखने में मदद करता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.