सोने के समय क्यों आते हैं ज्यादा ख्याल? जानिए दिमाग को शांत करने के आसान तरीके

AKANSHA UPADHYAY 

अक्सर दिनभर की भागदौड़ और काम के बाद जब हम रात में बिस्तर पर जाते हैं, तो उम्मीद होती है कि कुछ ही मिनटों में नींद आ जाएगी। लेकिन जैसे ही आंखें बंद होती हैं, दिमाग में विचारों की रफ्तार बढ़ जाती है। दिनभर की बातें, किसी की कही हुई बात, पुरानी यादें, आने वाले कल की चिंता या अचानक मन में आया कोई सवाल हमें परेशान करने लगता है। कई बार तो हम आधी रात को किसी सवाल का जवाब जानने के लिए इंटरनेट पर सर्च करने लगते हैं। आईये आज हम इस आर्टिकल में जानेंगे आखिर ऐसा क्यों होता है।  

 सोते समय दिमाग ज्यादा क्यों सोचता है?

डिफॉल्ट मोड नेटवर्क: दिनभर हमारा दिमाग अलग-अलग कामों, आवाजों और गतिविधियों में व्यस्त रहता है। रात में जब बाहरी गतिविधियां कम हो जाती हैं और हम शांत होकर लेटते हैं, तब दिमाग का डिफॉल्ट मोड नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। यह नेटवर्क आराम की स्थिति में आत्मचिंतन, यादों और भविष्य से जुड़ी कल्पनाओं जैसी मानसिक गतिविधियों से जुड़ा होता है। इसलिए सोने के समय पुराने अनुभव और अधूरे विचार ज्यादा याद आ सकते हैं।

बॉडी क्लॉक: शरीर की सर्केडियन रिदम यानी आंतरिक जैविक घड़ी नींद-जागने के चक्र को नियंत्रित करती है। रात में मेलाटोनिन का स्तर बढ़ता है और शरीर नींद के लिए तैयार होता है। लेकिन यदि दिनभर तनाव रहा हो या नींद की दिनचर्या बिगड़ी हुई हो, तो मन को शांत होने में परेशानी हो सकती है।

तनाव भी है बड़ी वजह: लगातार तनाव की स्थिति में दिमाग रात में भी समस्याओं और चिंताओं पर विचार करता रह सकता है। यही वजह है कि बिस्तर पर जाने के बाद दिनभर दबे हुए विचार अचानक सामने आने लगते हैं।

दिमाग को शांत करने के लिए क्या करें?

सोने से पहले कुछ मिनट धीमी और गहरी सांसों का अभ्यास करें। पेट यानी डायफ्राम से सांस लेने पर शरीर का पैरासिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम सक्रिय होने में मदद मिल सकती है।अगर विचार लगातार आ रहे हों, तो ध्यान को किसी हल्की और असंबंधित कल्पना पर ले जाने की कोशिश करें। दिनभर की चिंताओं और अगले दिन के जरूरी कामों को सोने से पहले कागज पर लिखना भी मन को व्यवस्थित करने में मदद कर सकता है।

इसके अलावा रोजाना 10–15 मिनट मेडिटेशन और डीप ब्रीदिंग की आदत बनाएं। कमरे में पर्याप्त अंधेरा रखें और बिस्तर का इस्तेमाल मुख्य रूप से सोने के लिए करें। सोने से ठीक पहले सोशल मीडिया स्क्रॉल करने या काम करने से बचना भी नींद की तैयारी को आसान बना सकता है। अगर लंबे समय तक नींद में परेशानी बनी रहती है या रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होने लगे, तो विशेषज्ञ से सलाह लेना उचित है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.