चार मार्गों पर एक साथ जनसंपर्क, पंपलेट देकर नागरिकों से रैली में शामिल होने की अपील
गंजबासौदा : नगर को नशे के बढ़ते प्रभाव से मुक्त कराने और युवाओं को ड्रग्स की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से 1 सितंबर को प्रस्तावित नशामुक्ति जन जागरण रैली को लेकर तैयारियां अब धरातल पर दिखाई देने लगी हैं। रैली को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए रविवार को नगर के चारों दिशाओं में एक साथ जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अलग-अलग संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों की टीमें शहर के प्रमुख मार्गों पर निकलीं और दुकानदारों, व्यापारियों, रहवासियों तथा आम नागरिकों तक पहुंचकर उन्हें रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया। जनसंपर्क के दौरान लोगों को पंपलेट देकर 1 सितंबर को नशे के खिलाफ निकलने वाली जन जागरण रैली में शामिल होने की अपील की गई।
मालूम हो कि नशे के खिलाफ अब बासौदा में जनजागरण की आवाज चारों दिशाओं से उठने लगी है। 1 सितंबर को प्रस्तावित नशामुक्ति जन जागरण रैली को लेकर रविवार को नगर के चारों प्रमुख मार्गों पर एक साथ जनसंपर्क अभियान चलाया गया। रविवार को चले इस अभियान में नगर का माहौल नशे के खिलाफ जनभागीदारी की ओर बढ़ता दिखाई दिया। अलग-अलग मार्गों पर निकली टीमों ने नागरिकों से संवाद करते हुए उन्हें नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी और अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। जनसंपर्क के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं रैली में शामिल होने के साथ अपने परिवार और आसपास के युवाओं को भी नशामुक्ति के इस अभियान से जोड़ें।
चारों दिशाओं से उठी एक आवाज, अब नशामुक्त हो बासौदा
रविवार को नगर में जनसंपर्क की खास तस्वीर देखने को मिली। शहर के अलग-अलग हिस्सों से चार टीमें अपने-अपने मार्गों पर निकलीं और अंततः जय स्तंभ चौक की ओर पहुंचीं। सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा पहला जनसंपर्क रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर जय स्तंभ चौक तक किया गया। इस दौरान मुख्य मार्ग के दोनों ओर दुकानदारों एवं नागरिकों से संपर्क कर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी गई। दूसरी टीम ने सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, कालाबाग एवं धर्मकांटा क्षेत्र से जनसंपर्क शुरू किया, जो विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए जय स्तंभ चौक पहुंचा। टीम ने रास्ते में आने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों और रहवासी क्षेत्रों में लोगों से संवाद किया। तीसरा जनसंपर्क तिरंगा चौक से प्रारंभ हुआ, जो राजेंद्र नगर, गांधी चौक और सदर बाजार होते हुए जय स्तंभ चौक तक पहुंचा। बाजार क्षेत्र में बड़ी संख्या में व्यापारियों और नागरिकों से संपर्क कर रैली में सहभागिता की अपील की गई। वहीं चौथा जनसंपर्क बैतोली फाटक से शुरू होकर त्योंदा रोड होते हुए जय स्तंभ चौक तक किया गया। इस मार्ग पर भी लोगों को नशे के खिलाफ अभियान से जोड़ने के लिए पंपलेट दिए गए और रैली में उपस्थित रहने का आग्रह किया गया। चारों मार्गों से हुए जनसंपर्क ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि नशे के खिलाफ लड़ाई नगर के किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरा शहर एक साथ इस सामाजिक बुराई के खिलाफ खड़ा होने की तैयारी कर रहा है।
समाजों और संगठनों ने रैली को लेकर बैठकों में बनाई रणनीति
रैली को समर्थन देने के लिए नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और अन्य व्यापारी, धार्मिक संगठनों ने भी अलग-अलग बैठकें आयोजित कीं। सेन समाज, सकल जैन समाज, महाराणा प्रताप राजपूत समिति, रविवार प्रोटोकॉल, व्यापार महासंघ, लोधी समाज, रघुकुल युवा परिषद, साहू समाज सहित अन्य सामाजिक संगठनों ने बैठकों के माध्यम से अपने समाज और संगठन के सदस्यों से 1 सितंबर की रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। संगठनों ने अपने-अपने स्तर पर नागरिकों से संपर्क कर रैली को सफल बनाने तथा नशे के खिलाफ सकारात्मक सामाजिक वातावरण तैयार करने का संकल्प लिया। 31 अगस्त को हिंदू उत्सव समिति द्वारा नगर में सार्वजनिक उद्घोषणा कराई जाएगी। इसके माध्यम से नागरिकों से 1 सितंबर को आयोजित होने वाली जन जागरण रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की जाएगी।
नशे के खिलाफ रैली को जन आंदोलन बनाने की तैयारी
रविवार को नगर के चारों प्रमुख मार्गों पर एक साथ हुए जनसंपर्क और विभिन्न सामाजिक संगठनों की बैठकों से यह स्पष्ट हुआ कि 1 सितंबर की रैली को व्यापक स्वरूप देने की तैयारी है। आयोजकों की कोशिश है कि रैली में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी हो और नशे के खिलाफ नगर की सामूहिक आवाज मजबूती से सामने आए।
जनसंपर्क अभियान में स्वयंसेवकों ने नागरिकों से कहा कि नशे के खिलाफ केवल कानून नहीं, समाज की जागरूकता भी जरूरी है। यदि परिवार, समाज, व्यापारी, युवा, सामाजिक संगठन और नागरिक एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज उठाएं तो नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
रिपोर्टर : हेमंत आनंद
No Previous Comments found.