3 दिन से सड़क बंद, किसान ने 15 क्विंटल मूली नाले में फेंकी

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की चौहारघाटी में थलटूखोड़-मढ़ मार्ग पिछले तीन दिनों से मलबा और पत्थर गिरने के कारण बंद रहा। सड़क बंद होने से किसान अपनी फसल मंडी तक नहीं पहुंचा सके। मजबूर होकर एक किसान ने करीब 15 क्विंटल मूली नाले में फेंक दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया।

गोभी उत्पादकों को भी उठाना पड़ा नुकसान

सड़क बंद होने का असर सिर्फ मूली उत्पादकों पर ही नहीं, बल्कि गोभी सहित अन्य सब्जियां उगाने वाले किसानों पर भी पड़ा। कई किसान गोभी की बोरियां कंधों पर लादकर पैदल मंडी की ओर निकले, लेकिन समय पर बाजार नहीं पहुंच पाने से उनकी फसल भी खराब हो गई। किसानों ने समय पर सड़क नहीं खुलने पर नाराजगी जताई।

वीडियो वायरल होने के बाद विभाग सक्रिय

वीडियो वायरल होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने भारी मशीनरी के साथ सड़क बहाली का अभियान शुरू किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगातार गिरते पत्थरों और मलबे के बीच करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद थलटूखोड़-मढ़ मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया।

किसानों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग

पीड़ित किसानों का कहना है कि यदि सड़क समय रहते खोल दी जाती तो उनकी फसलें बर्बाद नहीं होतीं। किसानों ने प्रशासन से मानसून के दौरान कृषि क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त रखने की मांग की है। वहीं, लोक निर्माण विभाग का कहना है कि लगातार भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण सड़क खोलने में देरी हुई, लेकिन अब मार्ग पूरी तरह बहाल कर दिया गया है। 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.