हिना खान की लद्दाख ट्रिप बनी जिंदगी का सबक, रोज नाक से आती रही ब्लीडिंग
AKANSHA UPADHYAY
टीवी की चहेती बहू और एक्ट्रेस हिना खान हाल ही में लद्दाख ट्रिप पर गई थीं। खूबसूरत पहाड़ों और शानदार नजारों के बीच बिताया गया यह सफर उनके लिए सिर्फ यादगार नहीं, बल्कि जिंदगी की एक बड़ी सीख भी बन गया। हिना ने अपनी लद्दाख ट्रिप की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए बताया कि यह सफर उनकी सहनशक्ति की परीक्षा जैसा रहा।हिना के मुताबिक, लद्दाख की ऊंचाई और बेहद सूखी ठंडी हवा ने उन्हें काफी परेशान किया। ट्रिप के दौरान उनकी नाक से रोज खून आता था और घर लौटने तक यह सिलसिला जारी रहा। यहां तक कि उनकी नाक में खून के थक्के भी जम गए थे। हालांकि, एक्ट्रेस ने साफ किया कि उन्हें ऊंचाई से जुड़ी गंभीर बीमारी नहीं हुई और ऑक्सीजन की जरूरत भी नहीं पड़ी।
हिना ने बताया लद्दाख का खास सबक
हिना ने कहा कि लद्दाख के विशाल पहाड़ों ने उन्हें जिंदगी को थोड़ा धीमा करके जीने का एहसास कराया। उनके मुताबिक, इन ऊंचे पहाड़ों के सामने इंसान खुद को बहुत छोटा महसूस करता है। इस सफर ने उन्हें तैयारी, धैर्य और अपनी सीमाओं को समझने का सबक दिया।
यात्रियों को दी जरूरी सलाह
हिना ने लद्दाख जाने वाले लोगों को acclimatisation यानी ऊंचाई वाले वातावरण के हिसाब से शरीर को ढलने का पर्याप्त समय देने की सलाह दी। उन्होंने ऑक्सीजन बैकअप रखने की बात भी कही। इसके अलावा सलाइन नेजल स्प्रे और नेजल मॉइस्चराइजर या जेल साथ रखने की सलाह दी।उन्होंने अपनी ट्रैवल किट में पल्स ऑक्सीमीटर, डिजिटल थर्मामीटर, कैटेगरी-4 सनग्लासेज, नेक गेटर, पावर बैंक और जरूरत पड़ने पर पोर्टेबल नेबुलाइजर जैसी चीजें शामिल करने की बात कही। वहीं, Diamox को लेकर उन्होंने साफ किया कि इसका इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह के बाद ही किया जाना चाहिए।हिना का यह सफर भले ही मुश्किलों से भरा रहा, लेकिन इसने उन्हें जिंदगी को धीमा करने और हर सफर के लिए बेहतर तैयारी करने का खास सबक जरूर दे दिया।

No Previous Comments found.