दुख की घड़ी में अलपीटो पंचायत ने दिखाई मिसाल, जीतू यादव के परिवार को 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
हजारीबाग : विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत अलपीटो पंचायत ने सामाजिक एकजुटता और मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। सड़क दुर्घटना में जीतू यादव की असामयिक मृत्यु के बाद उनके परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया। परिवार के सामने रोजी-रोटी के साथ-साथ श्राद्धकर्म संपन्न कराने की भी समस्या उत्पन्न हो गई।
परिवार की इस स्थिति को देखते हुए अलपीटो पंचायत के ग्रामीण एकजुट होकर सहायता के लिए आगे आए। पंचायत के लोगों ने स्वेच्छा से चंदा एकत्र कर लगभग 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता जीतू यादव के परिजनों को प्रदान की। ग्रामीणों ने कहा कि संकट की घड़ी में किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
अलपीटो पंचायत के अधिकांश लोग प्रवासी मजदूर हैं, जो देश के विभिन्न शहरों में रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इसके बावजूद जब भी पंचायत के किसी परिवार पर विपत्ति आती है, ग्रामीण बिना किसी भेदभाव के सहयोग के लिए आगे आते हैं। पंचायत में पहले भी कई जरूरतमंद और प्रवासी मजदूर परिवारों की इसी तरह सामूहिक रूप से मदद की जा चुकी है।
ग्रामीणों का मानना है कि समाज की सबसे बड़ी ताकत आपसी सहयोग और भाईचारा है। अलपीटो पंचायत की यह पहल न केवल मानवता का संदेश देती है, बल्कि अन्य गांवों और पंचायतों के लिए भी प्रेरणा है कि जरूरत के समय अपने आसपास के लोगों की यथासंभव सहायता करें। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि हर समाज इसी तरह एकजुट होकर जरूरतमंदों का साथ दे, तो कोई भी परिवार विपत्ति की घड़ी में खुद को अकेला महसूस नहीं करेगा।
रिपोर्टर : संदीप मिश्रा
No Previous Comments found.