गर्मियों में घर पर उगाएं ये 4 सब्जियां, छत और बालकनी बनेगी हरी-भरी
आज के समय में होम गार्डनिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है। लोग अपने घर की छत, बालकनी और छोटे-छोटे स्थानों में फल, फूल और सब्जियों के पौधे उगा रहे हैं। इससे न सिर्फ घर की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि ताजी और शुद्ध सब्जियां भी मिलती हैं। हालांकि गर्मियों के मौसम में पौधों की देखभाल करना थोड़ा चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि तेज धूप और बढ़ते तापमान से पौधे जल्दी सूख सकते हैं।
अगर सही समय पर पौधे लगाए जाएं, उचित खाद-पानी दिया जाए और नियमित देखभाल की जाए तो गर्मियों में भी घर पर अच्छी सब्जियां उगाई जा सकती हैं।
गर्मियों में लगाएं करेले का पौधा
करेला एक ऐसी सब्जी है जिसे घर की छत या बालकनी में आसानी से उगाया जा सकता है। करेले की बेल लगाने का सही समय फरवरी से मार्च तक माना जाता है। इसके लिए भुरभुरी मिट्टी में गोबर की खाद मिलाकर पौधा लगाना चाहिए। अगर बीज से पौधा तैयार कर रहे हैं तो बीज को करीब 8 से 10 घंटे पानी में भिगोने के बाद बोना बेहतर रहता है। पौधा बढ़ने के बाद बेल को सहारा देने के लिए रस्सी या लकड़ी की व्यवस्था करनी चाहिए। सही देखभाल से कुछ ही समय में करेले आने शुरू हो जाते हैं।
लौकी की बेल से मिलेगी ताजी सब्जी
गर्मियों में लौकी उगाना भी काफी आसान है। इसे फरवरी से अप्रैल के बीच लगाया जा सकता है। लौकी के पौधे के लिए ऐसी मिट्टी का इस्तेमाल करें जिसमें पानी आसानी से निकल सके। लौकी को बीज या नर्सरी से लाई गई कटिंग के जरिए लगाया जा सकता है। नियमित पानी और जैविक खाद देने से करीब 40 से 50 दिनों में लौकी की बेल पर फल आने लगते हैं।
तोरी की खेती भी आसान
तोरी यानी तुरई भी गर्मियों में घर पर उगाई जा सकती है। इसे लगाने का सही समय मार्च से अप्रैल तक होता है। इसके बीज को पहले कुछ घंटे पानी में भिगोकर बोना अच्छा रहता है। तोरी एक बेल वाला पौधा है, इसलिए इसे बढ़ने के लिए सहारे की जरूरत होती है। मिट्टी में जैविक खाद का प्रयोग करने से पौधे की ग्रोथ बेहतर होती है और करीब 45 से 60 दिनों में सब्जी मिलनी शुरू हो जाती है।
घर पर उगाएं स्वादिष्ट भिंडी
भिंडी ज्यादातर लोगों की पसंदीदा सब्जियों में शामिल है। इसे घर में उगाकर ताजी भिंडी का स्वाद लिया जा सकता है। भिंडी के बीज बोने के लिए फरवरी और मार्च का समय बेहतर माना जाता है। इसके लिए दोमट और भुरभुरी मिट्टी का इस्तेमाल करें। बीज को कुछ घंटे पानी में भिगोने के बाद गमले में करीब 1 से 1.5 इंच गहराई पर बोएं। नियमित देखभाल और जैविक खाद के इस्तेमाल से 35 से 45 दिनों में भिंडी तैयार हो सकती है।
पौधों की देखभाल के लिए जरूरी टिप्स
प्लांट एक्सपर्ट्स के अनुसार पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
नर्सरी से पौधा लाने के बाद उसे तुरंत खाद और पानी न दें, पहले एक दिन का समय दें।
पौधे में तभी पानी डालें जब मिट्टी सूखी महसूस हो।
रासायनिक खाद की जगह जैविक खाद का इस्तेमाल करें।
पत्तियां पीली होने पर उन्हें समय-समय पर हटाते रहें।
कीड़ों से बचाव के लिए नीम के स्प्रे का इस्तेमाल करें।
घर की छत या बालकनी में सब्जियां उगाना न सिर्फ एक अच्छा शौक है, बल्कि इससे परिवार को ताजी और सुरक्षित सब्जियां भी मिलती हैं। सही जानकारी और थोड़ी मेहनत से कोई भी व्यक्ति अपने घर में छोटा सा गार्डन तैयार कर सकता है।
No Previous Comments found.