नींबू की खेती से किसान को मिल रहा लाखों का मुनाफा, जानिए तरीका...
आज के समय में किसान पारंपरिक फसलों की तुलना में बागवानी फसलों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। ऐसे में नींबू की खेती एक बेहद लाभकारी विकल्प बनकर उभरी है, क्योंकि इसकी मांग सालभर बनी रहती है और बाजार में इसके अच्छे दाम मिलते हैं। नींबू का उपयोग खाने-पीने के साथ-साथ अचार, जूस और कई घरेलू उत्पादों में बड़े पैमाने पर होता है। खासकर गर्मियों में इसकी मांग और कीमत दोनों बढ़ जाती हैं, जिससे किसानों को बेहतर आमदनी का अवसर मिलता है। एक बार पौधे लगाने के बाद यह फसल कई वर्षों तक लगातार उत्पादन देती है, साथ ही इसकी लागत भी कम और देखभाल अपेक्षाकृत आसान होती है।
किसान अमन कुमार की सफलता की कहानी
बाराबंकी जिले के बडेल गांव के युवा किसान अमन कुमार ने पारंपरिक खेती से हटकर नींबू की बागवानी शुरू की और आज वे इससे अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। उनके पास करीब दो बीघा में नींबू के पौधे लगे हुए हैं, जिससे उन्हें प्रति फसल लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये तक का लाभ हो जाता है। अमन कुमार के अनुसार पहले उनके परिवार में धान और गेहूं जैसी पारंपरिक फसलें उगाई जाती थीं, लेकिन बाद में उनके पिता ने नींबू की बागवानी शुरू की, जिसे अब वे आगे बढ़ा रहे हैं।
कम लागत में ज्यादा लाभ
किसान अमन बताते हैं कि नींबू की खेती में लागत बहुत कम आती है, जबकि मुनाफा अच्छा होता है। इस फसल में कीट और रोग भी कम लगते हैं और जानवर भी इसे नुकसान नहीं पहुंचाते। खास बात यह है कि नींबू की फसल साल में दो बार उत्पादन देती है और एक बार पौधे लगाने के बाद 12 से 15 साल तक लगातार उपज मिलती रहती है।
नींबू की खेती की आसान विधि
नींबू की खेती के लिए सबसे पहले खेत में 4×5 की दूरी पर गड्ढे खोदे जाते हैं। इन गड्ढों को 8 से 10 दिनों तक धूप में खुला छोड़ दिया जाता है। इसके बाद अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाकर गड्ढों को भर दिया जाता है। फिर नींबू के पौधे लगाए जाते हैं और समय-समय पर सिंचाई की जाती है। पौधे लगाने के करीब 2 से 3 साल बाद उत्पादन शुरू हो जाता है और लंबे समय तक अच्छा लाभ मिलता रहता है।


No Previous Comments found.