करवा चौथ पर पत्नी ने पहनाया पति को हेलमेट

नर्मदापुरम : करवा चौथ पर पत्नी अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती है, लेकिन उसकी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना भी उतना ही जरूरी है। इसी संदेश के साथ नर्मदापुरम यातायात पुलिस ने करवा चौथ पर अनूठी पहल करते हुए बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे दंपत्तियों को जागरूक किया। इस दौरान 10 वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।

उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा ने यातायात पुलिस टीम के साथ इटारसी रोड पर अभियान चलाया। इस दौरान ऐसे दंपत्तियों को रोका गया, जिनमें पति बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाइश दी कि जीवनसाथी की लंबी उम्र की कामना के साथ उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। सड़क दुर्घटना में सिर पर लगने वाली चोट जानलेवा हो सकती है, इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए।
अभियान के दौरान पुलिस ने पत्नियों के हाथों उनके पतियों को हेलमेट पहनवाए। पत्नियों ने भी अपने जीवनसाथी से आगे से हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का वादा लिया। यातायात पुलिस ने ऐसे 10 वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट दिए।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार में सफर के दौरान सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। करवा चौथ पर पत्नी अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती है, ऐसे में पति भी सुरक्षित वाहन चलाकर सकुशल घर लौटने का संकल्प लें।
 रिपोर्टर : संतोष सिंह चंदेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.