क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती : सांसद दर्शन सिंह चौधरी
नर्मदापुरम : क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार एवं यात्रियों की आवागमन संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेल द्वारा एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि गाड़ी संख्या 11111/11112 भुसावल–नागपुर एक्सप्रेस का बालाघाट एवं इटारसी होकर संचालन करने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने क्षेत्र की जनता की ओर से सदन में तथा रेल मंत्री से मुलाकात कर संबंधित क्षेत्रों के सांसदों के साथ मिलकर लगातार मांग उठाई थी। स्वीकृति की जानकारी पत्र के माध्यम से प्राप्त होने के बाद सांसद श्री चौधरी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
सांसद श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल निरंतर आधुनिक, सुलभ और यात्री सुविधाओं से युक्त बन रही है, तथा रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप रेल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। भुसावल–नागपुर एक्सप्रेस का इटारसी एवं बालाघाट मार्ग से संचालन स्वीकृत होना इस दिशा में अहम कदम है, जिससे इटारसी सहित संबंधित क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और यात्रियों के आवागमन में सुविधा होगी।
उन्होंने इस स्वीकृति में सहयोग एवं प्रयास करने वाले संबंधित क्षेत्रों के सभी सांसदों को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सांसद श्री चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की रेल संबंधी आवश्यकताओं, नई रेल सेवाओं, ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे, ताकि बेहतर रेल कनेक्टिविटी के माध्यम से विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा सके। अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री का पुनः आभार जताया।
रिपोर्टर : संतोष सिंह चंदेल

No Previous Comments found.