गांधी जयंती के अवसर पर बाजार में चला स्वच्छता अभियान स्वच्छता प्रहरियों का हुआ सम्मान

सिवनी मालवा : 2 अक्टूबर महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता दिवस एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को सिवनी मालवा नगरपालिका क्षेत्र एवं जनपद की ग्राम पंचायत भीलट देव में ‘स्वच्छता ही सेवा’ विषय पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत बनापुरा बस स्टैंड के पीछे बाजार क्षेत्र में गहन स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें  विधायक प्रेमशंकर वर्मा, एसडीएम विजय राय, नगरपालिका अध्यक्ष रितेश जैन, तहसीलदार नितिन झोड़ एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमर सिंह उईके सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की। सभी ने स्वयं झाड़ू लगाकर एवं कूड़ा एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

इसके पश्चात स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित सम्मान समारोह में नगर के स्वच्छता दूतों एवं प्रहरियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया गया।  गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत शिवराज पार्क में वृक्षारोपण किया गया तथा उपस्थित सभी जनों ने ‘सिंगल यूज प्लास्टिक’ का उपयोग न करने की शपथ ली। इसी क्रम में ग्राम पंचायत भीलट देव के मेला परिसर में भी गहन सफाई अभियान चलाया गया और स्वच्छता कर्मियों को शाल, श्रीफल एवं फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए सभी को अपने घर, मोहल्ले एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं पॉलीथिन मुक्त बनाए रखने की आवश्यकता है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने दैनिक जीवन में सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान दें।

रिपोर्टर : संतोष सिंह चंदेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.