राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्‍णा गौर ने किया ध्वजारोहण

नर्मदापुरम :  मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) पिछडा वर्ग एवं अल्‍पसंख्‍यक कल्‍याण, विमुक्‍त धुमन्‍तु और अर्धघुमन्‍तु कल्‍याण विभाग श्रीमती कृष्‍णा गौर ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मध्यप्रदेश गान, राष्ट्रगान तथा विभागीय प्रदर्शनियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इस अवसर पर किसान स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेता किसानों को भी पुरस्कार वितरित किए गए। ध्वजारोहण के उपरांत मध्यप्रदेश गान का सभी ने श्रवण किया।

मध्यप्रदेश हमारा मान, सम्मान और स्वाभिमान, प्रदेश के समृद्ध भविष्य के लिए सभी नागरिक अपनी भूमिका निभाएं :  राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर

          कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि मध्यप्रदेश हमारा मान, सम्मान और स्वाभिमान है। हमें गर्व है कि आज मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश का गौरवशाली इतिहास रहा है और आज हम इसका वैभवशाली वर्तमान भी देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी प्रदेश के उज्ज्वल एवं समृद्ध भविष्य के लिए संकल्प लें कि एक आदर्श नागरिक के रूप में मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे।

          राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश है। यहां की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर योगदान देना चाहिए। स्थापना दिवस का आयोजन प्रदेश की माटी के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को प्रबल करने का अवसर है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

          कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्मदापुरम के विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश की विशेषताओं पर आधारित प्रस्तुति दी। सेमेरिटंस हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने राजस्थानी लोकनृत्य घूमर की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों पर आधारित प्रस्तुति दी। माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं ने लोकनृत्य के माध्यम से मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।

ये रहे उपस्थित

          कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, जनप्रतिनिधि श्रीमती प्रीति शुक्ला, मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष श्री पीयूष शर्मा, सदस्य दूरसंचार समिति भारत सरकार श्री विकास नारोलिया, डीआईजी श्री वीरेंद्र सिंह, कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ, सीईओ जिला पंचायत श्री हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला, एडिशनल एसपी श्री अभिषेक राजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर :  संतोष सिंह चंदेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.