मादक पदार्थों की तस्करी करते हुए दो आरोपीओ को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सिवनी मालवा : पुलिस मुख्यालय द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक  साईं कृष्णा थोटा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में  सिवनी मालवा पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। बिते रोज मुखबिर से विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP 41 ZH 4347 से अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा लेकर आंवलीघाट की ओर से ग्राम चौतलाय होते हुए सिवनी मालवा की तरफ आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना सिवनी मालवा पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम चौतलाय बस स्टैंड के पास घेराबंदी की गई। कुछ समय पश्चात मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम द्वारा रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखी सफेद बोरी से 13.2 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 70,000 हजार रूपये है जिसे बरामद किया गया। साथ ही मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹50,000 है, जप्त की गई। इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल लगभग ₹1,20,000 का मशरूका जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के विरुद्ध थाना सिवनी मालवा में अपराध क्रमांक 770/26, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपीगण—

1. समीर खान पिता जरदार खान, उम्र 30 वर्ष, निवासी गाडरी मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 13, सिवनी मालवा।
2. शेख हारून पिता शेख शहीद, उम्र 27 वर्ष, निवासी गाडरी मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 13, सिवनी मालवा।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड—

गिरफ्तार आरोपी शेख हारून के विरुद्ध पूर्व से लगभग 06 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध होना पाया गया है।

सराहनीय भूमिका—

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सिवनी मालवा निरीक्षक नवीन पाण्डेय, उप निरीक्षक खुमान पटेल, प्रधान आरक्षक 607 प्रीतम बाबरिया, आरक्षक 792 प्रदीप, आरक्षक 495 अर्जुन गुर्जर, आरक्षक 381 दीपेश एवं आरक्षक 808 बलराम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की अपील— थाना सिवनी मालवा पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय, परिवहन एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

रिपोर्टर : संतोष सिंह चंदेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.