सांसद ने रखीं क्षेत्र की रेल संबंधी जनअपेक्षाएँ

नर्मदापुरम :  भोपाल मंडल परिक्षेत्र के सांसदगणों के साथ महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में होशंगाबाद–नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने सहभागिता कर क्षेत्र की रेल संबंधी जनअपेक्षाओं एवं महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से रखा।

बैठक में सांसद श्री चौधरी ने भोपाल मंडल परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न रेलवे स्टेशनों के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने तथा रेलवे अधोसंरचना के उन्नयन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि रेलवे आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं नौकरीपेशा लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर बेहतर यात्री सुविधाएँ उपलब्ध कराना, आवश्यक ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करना तथा रेल सेवाओं का विस्तार क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।

सांसद श्री चौधरी ने संबंधित अधिकारियों से जनहित से जुड़े इन विषयों पर सकारात्मक एवं समयबद्ध कार्यवाही करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर रेल सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय रेल के आधुनिकीकरण एवं विस्तार के साथ क्षेत्र की रेल संबंधी आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता मिलेगी।

रिपोर्टर : संतोष सिंह चंदेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.