बेईमानी करोगे तो...तेजस्वी का वीडियों वायरल

तेजस्वी यादव का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो हाल ही का बताया जा रहा है, जिसमें तेजस्वी यादव मैरून रंग की RJD लोगो लगी टी-शर्ट पहने भीड़ के बीच मंच से संबोधित कर रहे हैं। अपने भाषण के दौरान उन्होंने अफसरों को खुले तौर पर धमकी दी और कहा कि “जो अधिकारी अमित शाह से मिलकर गड़बड़ करेगा, सरकार आने के बाद उसे ऐसी सजा मिलेगी जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की होगी।” तेजस्वी यादव ने आगे कहा, अगर कोई बेईमान या भ्रष्ट अधिकारी चुनाव में बेईमानी करेगा तो उसे सजा मिलनी चाहिए या नहीं? जो लोकतंत्र पर कलंक बनेगा, उसे सजा मिलनी चाहिए या नहीं? जो वोट चोरी कराएगा उसे छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने अफसरों को चेताते हुए कहा, अभी भी मेरी सलाह है कि भ्रष्ट अधिकारी, अमित शाह के चेले-चमचे, बेईमानी की ‘ब’ भी दिमाग में मत लाना... मत लाना।

जनता बेईमानी करने वालों को सजा देगी-

तेजस्वी यादव ने अपने भाषण में आगे कहा कि इस बार जनता पूरी तरह तैयार है और बेईमानी करने वालों को सजा जरूर मिलेगी। उन्होंने अफसरों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग सत्ता के दबाव में गलत काम करेंगे, उन्हें आने वाले समय में जवाब देना होगा। 

मेरी उम्र भले ही कच्ची है, लेकिन जुबान पक्की है- तेजस्वी

सारण में आयोजित एक चुनावी सभा में तेजस्वी यादव ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, मेरी उम्र भले ही कच्ची है, लेकिन जुबान पक्की है। मैं जो कहता हूं, वह पूरा करता हूं, और इस बात की गवाह बिहार की जनता है। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन की सरकार में अपने 17 महीनों के कार्यकाल के दौरान उन्होंने युवाओं को नौकरी देने का काम किया और सरकार बनने के बाद भी यह काम जारी रहेगा।

20 दिनों के भीतर बनेगा नया कानून 

तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बार बिहार में दो चरणों में मतदान होगा और 14 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे। उन्होंने वादा किया कि महागठबंधन की सरकार बनने के बाद 20 दिनों के भीतर एक नया कानून बनाया जाएगा, जिसके तहत जिन परिवारों में कोई सरकारी नौकरी नहीं है, उनके एक सदस्य को नौकरी दिलाई जाएगी। तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को दी जा रही 10 हजार रुपये की सहायता राशि पर भी तंज कसा और कहा, यह रिश्वत की तरह है, आज दे रहे हैं, लेकिन कल छीन भी लेंगे।

तेजस्वी यादव का यह बयान राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर रहा है। विपक्ष जहां इसे प्रशासनिक धमकी और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बता रहा है, वहीं आरजेडी समर्थक इसे तेजस्वी की जनता के पक्ष में चेतावनी बता रहे हैं। वायरल वीडियो ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव आयोग इस बयान पर क्या रुख अपनाता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.