इमरान मसूद ने मायावती को दिया साथ आने का न्योता, बोले- बहनजी से बदल जाएगी यूपी की तस्वीर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी हलचल तेज होती जा रही है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान के बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बसपा प्रमुख मायावती से साथ आने की अपील की है। उन्होंने मायावती को बड़ा नेता बताते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि बहनजी विपक्ष के साथ आएं और मिलकर बीजेपी के खिलाफ लड़ाई लड़ें।

इमरान मसूद ने कहा, “हम चाहते हैं कि मायावती बाहर आएं। हम चाहते हैं कि वह हमारे साथ रहें। मायावती बहुत बड़ी लीडर हैं।” उन्होंने आगे कहा कि अगर मायावती साथ आती हैं तो उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल सकती है। इमरान मसूद का कहना है कि बीजेपी को रोकने के लिए विपक्षी दलों और सभी ताकतों को एकजुट होना चाहिए। उनके मुताबिक, यदि विपक्ष एक साथ आता है तो चुनावी समीकरणों में बड़ा बदलाव हो सकता है।

समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर इमरान मसूद ने कहा, “जो होगा अच्छा होगा।” उन्होंने कहा कि उनका मकसद बीजेपी और उसकी विचारधारा के खिलाफ राहुल गांधी की आवाज को मजबूत करना है। इमरान मसूद ने राहुल गांधी को बीजेपी को हराने में सक्षम बताया। जब उनसे पूछा गया कि क्या मायावती को भी विपक्ष के साथ आना चाहिए, तो उन्होंने कहा कि बहनजी बहुत बड़ी नेता हैं और वह चाहते हैं कि मायावती उनके साथ रहें। इमरान मसूद का यह बयान ऐसे समय आया है, जब यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर खींचतान की खबरें सामने आ रही हैं। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति बनने का इंतजार है। इसी बीच मायावती को साथ आने की अपील ने प्रदेश की सियासत में नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम मतदाताओं का राजनीतिक समीकरण भी इस चर्चा का अहम पहलू माना जा रहा है। हालांकि, इमरान मसूद की अपील पर अभी मायावती या बहुजन समाज पार्टी के नेतृत्व की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि मायावती विपक्षी एकजुटता की इस अपील पर क्या रुख अपनाती हैं और क्या यूपी चुनाव 2027 से पहले प्रदेश में कोई नया राजनीतिक समीकरण आकार लेता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.