इमरान खान के समर्थन में उतरीं किरण राव, भारत छोड़ने के नोटिस पर जताई नाराजगी

AKANSHA UPADHYAY

बॉलीवुड एक्टर इमरान खान इन दिनों भारत छोड़ने के नोटिस को लेकर सुर्खियों में हैं। मुंबई के फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) की ओर से उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिए जाने की खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां उनके समर्थन में उतर आई हैं। अब फिल्ममेकर किरण राव ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और इमरान खान का खुलकर समर्थन किया है।

किरण राव ने मुंबई पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

किरण राव ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान खान के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया। इस पोस्ट में बताया गया था कि इमरान अमेरिकी पासपोर्ट और ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड धारक हैं। दावा किया गया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद उन्हें भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया गया।इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए किरण राव ने हैरानी जताई। उन्होंने लिखा, “वाह, अब मुंबई पुलिस भी? वो 43 साल के हो गए हैं। इनमें से 40 साल भारत में बिताए हैं। यहीं पढ़ाई की, यहीं काम किया, यहीं सफल हुए, यहीं असफल हुए, यहीं प्यार किया और यहीं संघर्ष किया।”किरण राव के इस बयान के बाद इमरान खान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, एक्ट्रेस सबा आजाद ने भी इस मामले पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “क्या? यह सब बकवास है।”

क्या है इमरान खान से जुड़ा पूरा विवाद?

दरअसल, यह मामला 10 अक्टूबर को शुरू हुआ, जब इमरान खान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस दौरान इमरान और उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की थी। इस तस्वीर में वह पुलिस वैन के अंदर बैठे नजर आए। इसके साथ उन्होंने लिखा था, “लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं। मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां एक नागरिक और इस शहर में रहने वाले एक व्यक्ति के रूप में आया हूं। मैं यहां यह देखने आया हूं कि लोगों की आवाजों को क्यों दबाया जा रहा है।”अब भारत छोड़ने के नोटिस की खबर सामने आने के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है। किरण राव और सबा आजाद जैसी हस्तियों के समर्थन के बाद इमरान खान के मामले को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.