15 अगस्त को लाल किले पर क्या-क्या होगा? PM मोदी के कार्यक्रम की पूरी जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त 2026 को दिल्ली के लाल किले से 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की अगुवाई करेंगे। इस बार समारोह का मुख्य फोकस राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 साल और ‘विकसित भारत @2047’ के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर रहेगा। खास बात यह है कि लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा।

प्रधानमंत्री के लाल किले पहुंचने से लेकर राष्ट्रीय ध्वज फहराने, 21 तोपों की सलामी, हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा, राष्ट्र के नाम संबोधन और अंत में NCC कैडेट्स तथा MY Bharat वॉलंटियर्स के सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन तक, समारोह के हर चरण में इस साल की थीम की झलक दिखाई देगी।

लाल किले पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री संयुक्त इंटर-सर्विसेज और दिल्ली पुलिस की टुकड़ी की सलामी लेंगे और गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे। गार्ड ऑफ ऑनर में थलसेना, नौसेना, वायुसेना और दिल्ली पुलिस की टुकड़ियां शामिल होंगी।

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर पर पहुंचेंगे। यहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन और थलसेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ उनका स्वागत करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। ध्वजारोहण के साथ 1721 फील्ड बैटरी की ओर से स्वदेशी 105 एमएम लाइट फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके बाद तिरंगे को राष्ट्रीय सलामी दी जाएगी और थलसेना का बैंड ‘वंदे मातरम्’ की धुन बजाएगा। समारोह में मौजूद लोग राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन करेंगे, जिसके बाद राष्ट्रगान होगा।

ध्वजारोहण के साथ ही भारतीय वायुसेना के दो MI-17 हेलिकॉप्टर समारोह स्थल पर पुष्पवर्षा करेंगे। इनमें एक हेलिकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज और दूसरा ‘वंदे मातरम्’ दर्शाने वाला ध्वज लेकर उड़ेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री के संबोधन के अंत में NCC कैडेट्स और MY Bharat वॉलंटियर्स मिलकर ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे। इस बार समारोह में करीब 2,500 लड़के और लड़कियां शामिल होंगे। इनमें तीनों सेनाओं के NCC कैडेट्स और MY Bharat वॉलंटियर्स शामिल हैं। ये ज्ञानपथ पर बैठकर ‘वंदे मातरम्’ का आकार बनाएंगे।

इस साल लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह देखने के लिए करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, महिला उद्यमी, युवा इनोवेटर्स, वैज्ञानिक, स्टार्टअप से जुड़े लोग, स्वच्छता कर्मी, टैक्सी और कैब ड्राइवर, नर्सिंग स्टाफ, किसान, कारीगर और प्रशिक्षित युवा शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की महिला उद्यमियों, PMAY-U के लाभार्थियों, PM SVANidhi के रेहड़ी-पटरी वालों, स्वच्छ भारत मिशन के शहरी स्वच्छता कर्मियों, पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों, पीएम विश्वकर्मा योजना के कारीगरों और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना से जुड़े युवाओं को भी आमंत्रित किया गया है। अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पारंपरिक वेशभूषा में 1,500 से ज्यादा लोगों को भी समारोह में बुलाया गया है।

आगंतुकों की सुविधा के लिए छह स्थानों पर 25 क्लोक रूम बनाए गए हैं और बैठने के स्थान तक पहुंचाने के लिए 200 वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। व्हीलचेयर की जरूरत वाले लोगों की सहायता के लिए मेट्रो स्टेशनों और पार्किंग क्षेत्रों में NCC कैडेट्स भी मौजूद रहेंगे।

इस बार बैठने वाले घेरों के नाम VIP संस्कृति से अलग संदेश देने के लिए देश की प्रमुख झीलों के नाम पर रखे गए हैं। इनमें बदखल, भीमताल, चंद्रताल, चिलिका, दलपत सागर, दूधसागर, हाफलोंग, हुसैन सागर, लोकटक, लोनार, पैंगोंग त्सो, पुष्कर, रवींद्र सरोवर, रामगढ़ ताल, रुद्रसागर, वेम्बनाड और वुलर समेत कई झीलों के नाम शामिल हैं।

15 अगस्त को लोगों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो सेवा सुबह 4 बजे से शुरू होगी और आमंत्रित मेहमानों के लिए मुफ्त रहेगी। ई-निमंत्रण के साथ मेट्रो QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। संभावित बारिश को देखते हुए लाल किले और आसपास की ड्रेनेज व्यवस्था की सफाई कराई जा रही है और गणमान्य लोगों के लिए रेन पोंचो की भी व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद NCC कैडेट्स और MY Bharat वॉलंटियर्स के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। दर्शकों के निकलते ही प्लॉगिंग और कचरा हटाने का काम शुरू किया जाएगा। यानी इस बार का स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रगीत, युवा शक्ति, विकसित भारत और जनभागीदारी के संदेश पर केंद्रित रहने वाला है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.