भारत-कोरिया के बीच दोस्ती की नई तस्वीर, राजकीय स्वागत समारोह में दिखी एकता
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्यूंग का भारत दौरा दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूती देने वाला माना जा रहा है। दिल्ली पहुंचने पर उनका राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका औपचारिक अभिनंदन किया।

इस अवसर पर पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने दोनों देशों के झंडे लहराकर सांस्कृतिक स्वागत प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। अपने दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति ली अपनी पत्नी किम ही क्यूंग के साथ राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की, जहां उन्होंने बापू की समाधि पर पुष्प अर्पित किए।

इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक में दोनों नेताओं ने पौधारोपण भी किया और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। इस दौरान समुद्री सुरक्षा, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला और ऊर्जा सहयोग जैसे मुद्दों पर भी बातचीत हुई। विदेश मंत्रालय के अनुसार यह दौरा भारत और दक्षिण कोरिया के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने वाला है।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रपति ली के सम्मान में लंच का आयोजन किया गया, जबकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से राजकीय भोज भी आयोजित किया जाएगा। यह पूरा दौरा दोनों देशों के बीच संबंधों को और गहरा करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

No Previous Comments found.