निर्णायक मुकाबले से पहले महाकाल की शरण में टीम इंडिया: विराट-कुलदीप ने की भस्म आरती, गंभीर ने माँ बगलामुखी से मांगा जीत का आशीर्वाद-

 

निर्णायक मुकाबले से पहले महाकाल की शरण में टीम इंडिया: विराट-कुलदीप ने की भस्म आरती, गंभीर ने माँ बगलामुखी से मांगा जीत का आशीर्वाद-

उज्जैन/इंदौर: भारत और न्यूजीलैंड के बीच इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे मैच से पहले भारतीय टीम भक्ति के रंग में डूबी नजर आ रही है। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में खिताबी जीत सुनिश्चित करने के लिए खिलाड़ी और कोच महाकाल की नगरी में आशीर्वाद लेने पहुंचे।

भस्म आरती में शामिल हुए विराट और कुलदीप-

शनिवार तड़के करीब 4 बजे स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और स्पिनर कुलदीप यादव विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। दोनों खिलाड़ियों ने माथे पर त्रिपुंड (तिलक) लगवाया और नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक भगवान महाकाल की दिव्य भस्म आरती देखी। इस दौरान दोनों खिलाड़ी भक्ति भाव में डूबे और जाप करते नजर आए। आरती के बाद उन्होंने गर्भगृह की देहरी से पूजन-अर्चन किया और भगवान को जल अर्पित किया।

कुलदीप यादव ने दर्शन के बाद कहा, "महाकाल मंदिर आकर अद्भुत शांति मिली। भगवान महाकाल का आशीर्वाद सब पर बना रहे और हम क्रिकेट के साथ जीवन में भी अच्छा करते रहें, यही कामना है।"

कोच गंभीर और केएल राहुल ने भी टेका मत्था-

टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित माँ बगलामुखी मंदिर में विशेष हवन-अनुष्ठान किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंभीर ने माता की पूजा की, जहाँ मुख्य पुजारी ने उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया। वहीं, टीम के अन्य वरिष्ठ खिलाड़ी केएल राहुल ने भी उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए।

इंदौर में 'करो या मरो' की जंग-

सीरीज का अंतिम मुकाबला रविवार, 18 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच सीरीज का फैसला करेगा। इसी बीच, टीम इंडिया इंदौर पहुंच चुकी है। विशेष बात यह रही कि कप्तान शुभमन गिल अपने साथ एक आधुनिक वॉटर प्यूरीफिकेशन मशीन लेकर आए हैं, जो चर्चा का विषय बनी हुई है।

उज्जैन में इन दिनों 'महाकाल महोत्सव' की भी धूम है, जिसकी शुरुआत सिंगर शंकर महादेवन की 'शिवोऽहम्' प्रस्तुति से हुई थी। अब प्रशंसकों को उम्मीद है कि महाकाल के आशीर्वाद से टीम इंडिया इंदौर में न्यूजीलैंड को पटखनी देकर सीरीज अपने नाम करेगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.