पीथमपुर से घर लौट रहा युवक बना मौत का शिकार,सुनसान सड़क पर चाकुओं से गोदकर हत्या

बेटमा : बेटमा थाना क्षेत्र में एक बार फिर कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। काली बिलोद ग्राम पंचायत के सिंधीपुरा गांव के पास 6 मई की रात अज्ञात बदमाशों ने लूट की नीयत से ग्राम रावद निवासी 30 वर्षीय राहुल राजपूत की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। राहुल पीथमपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और रोजाना की तरह ड्यूटी खत्म कर देर रात बाइक से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में बदमाशों ने उसे निशाना बना लिया।

एफआईआर में दर्ज जानकारी के अनुसार, राहुल 5 मई को शाम करीब 3 बजे अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट क्रमांक MP-09-AK-4972 से ड्यूटी के लिए निकला था। उसकी कंपनी से छुट्टी रात करीब 11:30 बजे होती थी और वह सामान्यतः रात 12 बजे तक घर पहुंच जाता था। लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया, तो फोन बंद मिला।

इसके बाद राहुल का भाई उसकी तलाश में निकला। सिंधीपुरा मार्ग पर कुटी रोड के अंतिम मकान के पास भीड़ दिखाई दी, जहां राहुल गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक घायल अवस्था में वहां तक पहुंचा था और पानी मांगा था। उसके कपड़ों पर खून लगा हुआ था और उसने बताया था कि “भैरव बाबा मंदिर के ओटले के पास अज्ञात बदमाशों ने चाकू मारकर मोबाइल लूट लिया।”

परिजनों ने जब राहुल को संभाला तो उसकी पीठ और हाथ के पास धारदार हथियार के गहरे घाव दिखाई दिए। वहीं घटनास्थल के पास उसकी बुलेट भी क्षतिग्रस्त हालत में मिली, जिसकी हेडलाइट का कांच टूटा हुआ था। घायल राहुल को पहले शासकीय अस्पताल बेटमा ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी, जिससे ग्रामीणों और समाजजनों में भारी आक्रोश फैल गया। गुरुवार को बड़ी संख्या में राजपूत समाज के लोगों सहित अन्य समाजों के प्रतिनिधि बेटमा थाने पहुंचे और थाना प्रभारी मीना कर्णावत को ज्ञापन सौंपकर हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही काली बिलोद पंचायत क्षेत्र के कुटी एरिया में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग भी उठाई गई, ताकि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि पीथमपुर से देर रात लौटने वाले मजदूर और कर्मचारी लंबे समय से इस मार्ग पर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। क्षेत्र में सुनसान रास्ते और पुलिस गश्त की कमी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

थाना प्रभारी मीना कर्णावत ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

रिपोर्टर : राहुल

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.