इनोवा से 15 लाख की अवैध शराब जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार
इंदौर : पीथमपुर धार जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आबकारी वृत्त सागौर की टीम ने पीथमपुर में कार्रवाई करते हुए एक इनोवा वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मदिरा और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश एवं सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिनेश उदैनिया के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर से पीथमपुर की ओर जा रहे एक इनोवा वाहन में अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही आबकारी विभाग की टीम ने टाटा चौराहा पीथमपुर पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन MP-41-BC-1581 को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से 14 पेटी व्हिस्की, वोडका और रम बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 126 बल्क लीटर पाई गई। कार्रवाई के दौरान राज यादव, गोविंद उर्फ संजू, दिलीप सिंह और भानु सिंह निवासी धार को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पूरी कार्रवाई आबकारी उप निरीक्षक मुनेन्द्र सिंह जादौन द्वारा निर्धारित नई प्रक्रिया के तहत वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ की गई। इस अभियान में आरक्षक सुरेश चौंगड़, संजय मंसारे और रीना भंडोले की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। लगातार हो रही कार्रवाई से जिले में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
रिपोर्टर : राहुल


No Previous Comments found.