बेटमा में रहस्यमय ढंग से लापता हुए दो किशोर, वाहन मिला लेकिन जयंत और सोम का अब तक नहीं चला सुराग

बेटमा : इंदौर जिले के बेटमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोहान से दो किशोरों के लापता होने का मामला सामने आया है। रविवार दोपहर घर से बेटमा आए दोनों युवक अचानक गायब हो गए, जिसके बाद से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम गोहान निवासी सोम उर्फ मानव यादव (16 वर्ष) और उसका चचेरा भाई जयंत उर्फ भोला यादव (16 वर्ष) रविवार दोपहर करीब 2 बजे बेटमा सामान खरीदने के लिए निकले थे। दोनों युवक मोटरसाइकिल क्रमांक MP 09 BP 3112 से बेटमा पहुंचे थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे।

परिजनों ने बताया कि शाम करीब 5 बजे सोम यादव के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिवार के लोग तत्काल बेटमा पहुंचे और दोनों की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनकी मोटरसाइकिल बेटमा के शासकीय अस्पताल के पास खड़ी मिली, लेकिन दोनों युवक वहां मौजूद नहीं थे। इसके बाद रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश की गई, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का कहना है कि दोनों किशोर बिना बताए कहीं नहीं जाते थे। ऐसे में किसी अनहोनी की आशंका भी जताई जा रही है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।

परिवार ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को सोम यादव या जयंत यादव कहीं दिखाई दें अथवा उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत मोबाइल नंबर 6260437937 पर संपर्क करें।

दोनों किशोरों की तलाश के लिए सोशल मीडिया पर भी लगातार पोस्ट साझा किए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द उनका पता लगाया जा सके।

रिपोर्टर : राहुल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.