हर गतिविधि पर रहेगी नजर, ट्रैफिक से लेकर सुरक्षा तक की तैयारियों की समीक्षा
इंदौर - बेटमा अंतरराष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण BRICS प्रतिनिधिमंडल के 12 जून को प्रस्तावित इंदौर-धार भ्रमण कार्यक्रम को लेकर इंदौर ग्रामीण पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। प्रतिनिधिमंडल के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार वर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इंदौर-धार मार्ग का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों की निगरानी तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए।
एसपी वर्मा ने मार्ग पर लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाने, महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाने तथा यातायात संचालन को सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं,ताकि कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग के प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु, संभावित सुरक्षा चुनौतियों और ट्रैफिक व्यवस्था का गहन अध्ययन किया। साथ ही आवश्यक सुधार और अतिरिक्त इंतजामों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक उमाकांत चौधरी,उप पुलिस अधीक्षक नितिन सिंह,देपालपुर एसडीओपी संघ प्रिय सम्राट,थाना प्रभारी बेटमा मीना कर्णावत, यातायात विभाग के अधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि BRICS प्रतिनिधिमंडल के दौरे को लेकर आगामी दिनों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त की जाएगी तथा पूरे मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अंतरराष्ट्रीय महत्व के इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है।
रिपोर्टर - राहुल देवड़ा
No Previous Comments found.