गोकुलधाम सोसाइटी के नाम पर प्लॉटिंग का आरोप

इंदौर - बेटमा क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम पंचायत कालीबिल्लौद द्वारा अवैध कॉलोनियों को लेकर नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। इसी बीच ग्राम पंचायत मेठवाड़ा में भी गोकुलधाम सोसाइटी के नाम पर बड़े पैमाने पर प्लॉटिंग किए जाने की चर्चा ने क्षेत्र में नया विवाद खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कृषि भूमि को कॉलोनी के रूप में विकसित कर प्लॉट बेचे जा रहे हैं, जबकि आवश्यक अनुमतियों और वैधानिक प्रक्रियाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। कालीबिल्लौद में भी अवैध कॉलोनियों का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में है, लेकिन नोटिसों के बाद भी किसी बड़े स्तर की कार्रवाई नहीं होने से कॉलोनाइजरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए तो क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों का विस्तार और तेज हो सकता है। इससे न केवल शासन को राजस्व हानि होगी,बल्कि प्लॉट खरीदने वाले लोगों को भविष्य में मूलभूत सुविधाओं और कानूनी समस्याओं का सामना भी करना पड़ सकता है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि कालीबिल्लौद की तरह मेठवाड़ा का मामला भी सिर्फ कागजों तक सीमित रहेगा या फिर अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई देखने को मिलेगी। "नोटिस बहुत हुए, अब कार्रवाई कब? कालीबिल्लौद से मेठवाड़ा तक अवैध कॉलोनियों पर उठ रहे सवाल"

रिपोर्टर - राहुल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.