नगर परिषद और बिजली विभाग की अनुमति बिना सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा,जिम्मेदार अधिकारी मौन

इंदौर - बेटमा नगर की मुख्य आदर्श सड़क सहित कई प्रमुख मार्ग इन दिनों एक भाजपा नेता रवि बलराम पटेल के जन्मदिन के बैनर-पोस्टरों से पटे नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि ये बैनर बिजली विभाग के खंभों पर लगाए गए हैं, जबकि इसके लिए न तो नगर परिषद से अनुमति ली गई और न ही बिजली विभाग से कोई स्वीकृति प्राप्त की गई। इसके बावजूद पूरे नगर में खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नगरवासियों का कहना है कि आम व्यक्ति यदि बिना अनुमति किसी सार्वजनिक स्थल पर पोस्टर या होर्डिंग लगा दे तो उस पर तत्काल कार्रवाई होती है, लेकिन राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं के मामले में प्रशासन की सख्ती दिखाई नहीं देती। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में सरकारी संपत्ति का उपयोग निजी प्रचार और जन्मदिन के प्रदर्शन के लिए किया जा रहा है। बिजली के खंभों पर लगाए गए बैनर न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि इससे नगर की सौंदर्यता भी प्रभावित हो रही है। मुख्य सड़क पर जगह-जगह लगे इन पोस्टरों को देखकर लोग यह चर्चा कर रहे हैं कि क्या जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए अलग नियम लागू होते हैं?

जनता पूछ रही सवाल
क्या बैनर लगाने के लिए नगर परिषद से अनुमति ली गई थी?

क्या बिजली विभाग ने खंभों के उपयोग की स्वीकृति दी थी?

यदि अनुमति नहीं थी तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

क्या राजनीतिक दबाव के कारण जिम्मेदार विभाग खामोश हैं?

नगर के जागरूक नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बिना अनुमति लगाए गए सभी बैनर-पोस्टरों को तत्काल हटाया जाए और सार्वजनिक संपत्ति के दुरुपयोग के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि कानून का राज केवल आम नागरिकों तक सीमित न रहे।

रिपोर्टर - राहुल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.