महंगे फोन का जुनून कितना खतरनाक? iPhone विवाद में परिवार के 3 लोगों की मौत
iPhone का क्रेज किसी से छिपा नहीं है...नया मॉडल लॉन्च होते ही खरीदने की होड़...सोशल मीडिया पर फोन दिखाने का जुनून...महंगा फोन यानी स्टेटस, स्टाइल और एक अलग पहचान...लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि एक फोन की चाहत किसी परिवार पर इतनी भारी पड़ सकती है कि देखते ही देखते पूरा परिवार उजड़ जाए? जी हां महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से सामने आई एक बेहद दर्दनाक घटना ने इसी सवाल को खड़ा कर दिया है। एक 19 वर्षीय युवक ने iPhone खरीदा था और उसकी EMI को लेकर परिवार में विवाद हुआ। बात इतनी बढ़ी कि युवक घर से निकलकर एक पहाड़ी पर पहुंच गया। परिवार और स्थानीय लोगों ने घंटों उसे समझाने की कोशिश की। पुलिस और फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची।
लेकिन हालात उस वक्त बेहद दर्दनाक हो गए, जब युवक को बचाने की कोशिश में उसके पिता का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पहाड़ी से नीचे गिर गए। बेटे और पति को गिरते देखकर मां भी सदमे में आ गईं और उन्होंने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। इस घटना में परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। हम आपको यहां हम घटना के दर्दनाक दृश्य या किसी संवेदनशील तरीके के बारे में नहीं बता रहे हैं, बल्कि इस पूरे मामले से उठ रहे उस बड़े सवाल पर बात कर रहे हैं, जो हर माता-पिता और हर परिवार के लिए बेहद जरूरी है। सवाल है कि आखिर महंगे गैजेट्स को लेकर युवाओं में इतना दबाव क्यों बढ़ रहा है? iPhone आखिर सिर्फ फोन है या आज की पीढ़ी के लिए स्टेटस और पहचान का प्रतीक बन चुका है? और सबसे जरूरी... माता-पिता अपने बच्चों को इस तरह के भावनात्मक दबाव से कैसे बचा सकते हैं?
आपको बता दें यह घटना सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं है...यह आज के समय में महंगे गैजेट्स को लेकर बढ़ते सामाजिक और भावनात्मक दबाव की तरफ भी इशारा करती है। iPhone को दुनिया भर में एक प्रीमियम स्मार्टफोन माना जाता है। भारत में भी इसकी कीमत आम स्मार्टफोन की तुलना में काफी ज्यादा होती है। कई मॉडल लगभग 80 हजार रुपये या उससे ऊपर की कीमत से शुरू होते हैं, जबकि प्रो और हाई-एंड मॉडल की कीमत इससे काफी ज्यादा हो सकती है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर iPhone में ऐसा क्या है कि लाखों लोग इसके लिए बड़ी रकम खर्च करने को तैयार रहते हैं? तो आपको बता दें इसकी सबसे पहली वजह है........स्टेटस सिंबल। बहुत से लोगों के लिए iPhone सिर्फ फोन नहीं है। यह एक तरह की सामाजिक पहचान बन चुका है।
कई लोगों की नजर में iPhone रखना मतलब प्रीमियम लाइफस्टाइल, अच्छी आर्थिक स्थिति और आधुनिक सोच का प्रतीक है। पहले iPhone को ज्यादातर बिजनेस क्लास और आर्थिक रूप से मजबूत परिवारों से जोड़कर देखा जाता था। लेकिन अब सोशल मीडिया और ऑनलाइन शॉपिंग के दौर में iPhone की पहुंच काफी बढ़ गई है। युवा वर्ग में खास तौर पर नया iPhone खरीदने का उत्साह देखने को मिलता है। यानी फोन अब सिर्फ जरूरत नहीं...कई लोगों के लिए पहचान का हिस्सा बन चुका है। जाहिर है एक फोन की कीमत चाहे 80 हजार हो, एक लाख हो या उससे ज्यादा...लेकिन किसी इंसान की जिंदगी की कीमत उससे कहीं ज्यादा है।
माता-पिता के लिए जरूरी है कि बच्चों की इच्छाओं को समझें, लेकिन हर इच्छा पूरी करना ही प्यार नहीं है। बच्चों को आर्थिक जिम्मेदारी, जरूरत और इच्छा के बीच का फर्क भी समझाना जरूरी है। और बच्चों के लिए भी यह समझना जरूरी है कि किसी दोस्त के पास महंगा फोन है तो इसका मतलब यह नहीं कि वह आपसे बेहतर है। सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली चमकती जिंदगी पूरी सच्चाई नहीं होती। एक फोन पुराना हो सकता है...नया फोन आ सकता है...मॉडल बदल सकता है...लेकिन परिवार और जिंदगी वापस नहीं आती। इसलिए फोन बाद में खरीदा जा सकता है...लेकिन जिंदगी नहीं।
No Previous Comments found.