कांग्रेस को नेता प्रतिपक्ष का पद सपा के सहयोग से मिला- इकरा हसन
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। इसी बीच कैराना से सपा सांसद इकरा हसन ने कांग्रेस नेतृत्व को साफ संदेश देते हुए कहा है कि समाजवादी पार्टी अपनी 111 मौजूदा सीटों पर कोई समझौता नहीं करेगी।
इकरा हसन ने कहा कि पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि उसकी 111 सिटिंग सीटों पर कोई विचार-विमर्श नहीं होगा। मौजूदा विधायकों की सीटों पर सपा का ही तार्किक दावा बनता है, कांग्रेस का नहीं।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के लोकसभा क्षेत्र से जुड़ी विधानसभा सीटों पर दावेदारी और उनकी नाराजगी को लेकर भी इकरा हसन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब किसी की अपनी लोकसभा सीट से कुछ विधानसभा सीटें जाती हैं, तो दुख होना स्वाभाविक है। सपा इमरान मसूद का दर्द समझ सकती है, लेकिन गठबंधन किसी व्यक्ति विशेष से बड़ा होता है।
कैराना सांसद ने कांग्रेस नेतृत्व को यह भी याद दिलाया कि केंद्र में कांग्रेस का बड़ा सहयोगी दल समाजवादी पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा में कांग्रेस को नेता प्रतिपक्ष का पद मिलने में सपा का बड़ा योगदान और सहयोग रहा है।
कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर आपत्ति जताते हुए इकरा हसन ने कांग्रेस नेतृत्व से अपील की कि वह अपने नेताओं के बयानों का सही आकलन करे। उन्होंने कहा कि यदि ये बयान पार्टी के आधिकारिक रुख को दर्शाते हैं, तो सपा को इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए और यदि ये आधिकारिक बयान नहीं हैं, तो संबंधित नेताओं को रोका जाए।
फिलहाल यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बातचीत और बयानबाजी जारी है। ऐसे में गठबंधन का अंतिम फॉर्मूला क्या होगा, इस पर दोनों दलों के रुख पर नजर बनी हुई है।

No Previous Comments found.